फरियादी बोला-दो राउंड फायरिंग हुई, पुलिस बोली CCTV में गोली चलाते नहीं दिखे बदमाश

भोपाल के रातीबढ़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने वाले 60 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी के घर गुरुवार आधी रात फायरिंग का मामला सामने आया है। कारोबारी संतोष सिंह तोमर का आरोप है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश SUV से उनके घर पहुंचे और गेट के बाहर दो राउंड फायर किए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कारोबारी ने गांव में रहने वाले लखन मारण पर संदेह जताया है।

हालांकि पुलिस ने फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा का कहना है कि CCTV फुटेज में कोई व्यक्ति गोली चलाते हुए नजर नहीं आ रहा है। टीम मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय करेंगे।

फरियादी का आरोप- पहले फोन पर दी थी धमकी

संतोष सिंह तोमर के मुताबिक लखन मारण इलाके में अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहा था। इसकी उन्होंने शिकायत की थी। शिकायत के बाद से ही विवाद चल रहा था। कारोबारी का आरोप है कि उन्हें पहले फोन पर धमकी दी गई थी कि न तो उन्हें कारोबार करने दिया जाएगा और न ही इलाके में रहने दिया जाएगा। उनका दावा है कि धमकी के कुछ समय बाद ही बदमाश उनके घर के बाहर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया।

फरियादी के अनुसार रात करीब ढाई बजे SUV से आधा दर्जन से अधिक लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने गेट के बाहर लगातार फायर किए और धमकाते हुए मौके से भाग गए। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल पहुंचा और मौके की जांच की गई। कारोबारी का कहना है कि पूरी घटना घर के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है।

कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत

कारोबारी का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं की गई। कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी शिकायत दी है। उन्होंने शिकायत में घटना को अवैध प्लॉटिंग की शिकायत से जोड़ते हुए जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली गोली चलाते कोई नहीं दिखा

थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने बताया कि अभी तक गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में कोई व्यक्ति गोली चलाते हुए दिखाई नहीं दे रहा है । जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Spread the love