काम ऐसा कि सुनकर नहीं होगा यकीन! पीठ खुजाने, बैग उठाने और गले लगाने तक के लिए मिलते हैं पैसे

दुनियाभर में इस समय काफी लोग अजीबोगरीब काम करने के तरीके से अपना ध्यान खींच रहे हैं। कोई पीठ खुजाने का काम कर रहा है तो कोई शॉपिंग करने आए किसी शख्स का थैला उठाने का। वहीं कोई किसी के साथ समय गुजारने और मूवी देखने के लिए भी पैसा ले रहा है। ऐसे काम में सिर्फ लड़के ही नहीं, बल्कि लड़कियां भी शामिल हैं।

दुनिया के कई देशों में लोग दूसरों की पीठ खुजाकर मोटी कमाई कर रहे हैं। चीन में एक व्यक्ति लोगों की पीठ खुजाकर कर महीने करीब 24 लाख रुपये कमा रहा है। वहीं अमेरिका के न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में ‘स्क्रैच थेरेपी’ काफी पॉपुलर हो रही है। लोग मसाज की तरह स्क्रैचिंग सेशन के लिए बुकिंग करवाते हैं। स्पा और थेरेपी होम में 1 घंटे तक पीठ या शरीर खुजवाने के लोग करीब 9500 रुपये तक देते हैं।

अगर आप शॉपिंग के दौरान भारी बैग उठाने और भीड़ की थकान से बचना चाहते हैं, तो दिल्ली के लाजपत नगर मार्केट में ‘CarryMen’ नाम की डिजिटल सर्विस शुरू हुई है। इसके तहत करीब 149 रुपये प्रति घंटे की दर से पर्सनल हेल्पर लिया जा सकता है। यह हेल्पर आपका सामान उठाएगा, दुकानों का रास्ता दिखाएगा, खाने और बिलिंग की लाइनों में खड़ा रहेगा और आपके लिए बैठने या पार्किंग की जगह ढूंढेगा।

हॉस्पिटल, बैंक या नए आईफोन की लॉन्चिंग पर लंबी लाइनों में लगने का झंझट किसे पसंद है? लंदन के फ्रेडी बेकिट अमीर और व्यस्त लोगों की जगह लाइन में खड़े होने का काम करते हैं। साल 2022 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह इस काम के लिए करीब 2000 रुपये प्रति घंटे लेते थे और एक दिन में करीब 16000 रुपये तक कमा लेते थे।

ब्रिटेन में सैमी वुड नाम की एक महिला प्रोफेशनल कडलिंग सर्विस के जरिए कमाई करती हैं। वह लोगों को गले लगाने यानी कडलिंग के सेशन देती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक घंटे के सेशन के लिए करीब 65 पाउंड यानी लगभग 8400 रुपये और 90 मिनट के सेशन के लिए करीब 85 पाउंड यानी लगभग 1.10 लाख रुपये चार्ज किया जाता है। वह सामूहिक वर्कशॉप भी चलाती हैं, जहां लोग कंबल और तकियों के बीच एक-दूसरे को गले लगाकर सुकून पाते हैं।

चीन में एक और अनोखी सर्विस की चर्चा होती रही है, जिसे ‘स्ट्रीट गर्लफ्रेंड’ कहा जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ महिलाएं सार्वजनिक जगहों पर अलग-अलग सर्विस के लिए कीमत तय करके बैठती हैं और ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से सर्विस चुन सकते हैं। रिपोर्ट में बताए गए उदाहरणों के अनुसार, सिर्फ गले लगाने के लिए 1 युआन (करीब 14 रुपये), जबकि किस करने के लिए 15 युआन तक चार्ज किए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा साथ में फिल्म देखने, घर के काम में मदद करने या साथ बैठकर ड्रिंक करने जैसी सेवाओं के लिए अलग-अलग कीमत बताई गई है।

Spread the love