रामानंद सागर के मशहूर टीवी शो ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले एक्टर सुनील लहरी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उन्हें खास तरीके से विश किया है। उन्होंने अपने X पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें पीएम मोदी की खूब तारीफ की और ये भी बताया कि वो कहां जन्मे और देश के लिए क्या क्या किया।
सुनील लहरी ने वीडियो शेयर करते हुए कहा, ‘आज से तकरीबन 76 साल पहले गुजरात के मेहसाणा में एक बच्चे का जन्म हुआ। जिसने अपनी मेहनत, लगन और परिश्रम से जो मुकाम हासिल किया, पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन गया। जिसने अपने देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात कर रहा हूं। उन्हें जन्मदिवस की ढेर सारी बधाई। भगवान से प्रार्थना है कि उन्हें वो दीर्घआयु प्रदान करें जिससे वो हम भारतीयों का सीना गर्व से और ऊंचा कर सकें।’
पीएम मोदी के लिए सुनील लहरी का प्यार
उन्होंने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘भारत मां का ऐसा सपूत जो 76 साल पहले जन्मा, पिछले 25 साल से निस्वार्थ भारत मां की सेवा कर रहा है, ऐसे समर्पित राष्ट्र सेवक पुत्र को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।’
‘रामायण’ में बने लक्ष्मण
सुनील लहरी को रामानंद सागर की ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने के लिए सबसे ज़्यादा जाना जाता है। यह शो पहली बार 1987 में प्रसारित हुआ था। अरुण गोविल ने भगवान राम की भूमिका निभाई थी, जबकि दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था। लक्ष्मण के तौर पर लहरी का अभिनय भारतीय टेलीविजन के सबसे यादगार परफॉर्मेंस में से एक बन गया, और अपनी पहली बार प्रसारण के दशकों बाद भी इस शो के चाहने वालों की एक बड़ी संख्या बनी हुई है।
2020 में फिर लौटा ‘रामायण’
2020 में COVID-19 लॉकडाउन के दौरान ‘रामायण’ को टेलीविजन पर फिर से दिखाया गया और यह एक बार फिर बहुत सफल रहा, जिससे नई पीढ़ी को इस मशहूर सीरीज और इसके किरदारों के बारे में जानने का मौका मिला। लहरी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और अक्सर भारतीय संस्कृति, समाज और समसामयिक मामलों से जुड़े विषयों पर वीडियो, अपनी निजी यादें और विचार शेयर करते रहते हैं।