निगम की जमीन पर कब्जे की कोशिश, जेसीबी जब्त

भिलाई। नगर निगम की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। जुनवानी इलाके में निगम की जमीन पर सैकड़ों हरे-भरे पेड़ों की कटाई कर रास्ता तैयार किए जाने की जानकारी मिलने के बाद निगम अमला मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान रास्ता बनाने में लगी जेसीबी को जब्त कर लिया गया। साथ ही निगम की जमीन पर बनाए जा रहे रास्ते को रोकने के लिए मौके पर गड्ढे भी खोद दिए गए।

मामले की जानकारी मिलने पर नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निगम की जमीन पर कब्जे की कोशिश को लेकर गंभीर सवाल उठाए। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर कब्जे का आरोप है, उसकी अनुमानित कीमत करीब 100 करोड़ रुपये है।

नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने महापौर और जिम्मेदार अधिकारियों पर मिलीभगत एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि निगम की बेशकीमती जमीन को हड़पने का प्रयास किया जा रहा है और इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल निगम ने मौके पर रास्ता बनाने का काम रुकवा दिया है और जेसीबी जब्त कर ली है। अब सवाल यह है कि निगम की जमीन पर रास्ता बनाने के लिए जेसीबी किसकी अनुमति से पहुंची और बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई कैसे हुई? मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Spread the love