फिल्ममेकर-कोरियोग्राफर फराह खान और उनके कुक दिलीप की जोड़ी सोशल मीडिया पर हिट है। खासकर कुक दिलीप की अलग ही फैन फॉलोइंग है। उनकी मासूमियत और साफगोई लोगों को पसंद आती है। लेकिन एंकर-कॉमेडियन और ‘बिग बॉस OTT’ फेम साइरस ब्रोचा को ऐसा नहीं लगता। 55 साल के साइरस ने अपने हालिया पॉडकास्ट में दिलीप को ‘फ्रॉड’ यानी धोखेबाज कहा है। यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि दिलीप जिस तरह फराह के व्लॉग में हरकतें करते हैं, वह उन्हें ‘स्क्रिप्टेड’ लगता है और ‘इरिटेट’ करता है। दिलचस्प बात यह है कि अब फराह खान ने भी साइरस ब्रोचा की इस टिप्पणी का अपने अंदाज में मजेदार जवाब दिया है।
साइरस ब्रोचा 90 के दशक में टीवी पर ‘एमटीवी बकरा’ शो से खूब पॉपुलर हुए थे। अब शांतनु अनाम के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने दिलीप का जिक्र किया और कहा, ‘मुझे वह आदमी पसंद नहीं है। वह मुझे इरिटेट करता है। अब वह हर समय एक्टिंग करता रहता है। शुरू में तो वह ठीक था, लेकिन अब मुझे वह फ्रॉड लगता है।’
साइरस ब्रोचा बोले- फराह उसे लाइनें सिखाती है
अपनी बेबाकी के लिए मशहूर साइरस ब्रोचा ने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि फराह उसे लाइनें सिखाती हैं और फिर वह अपनी मर्जी से कुछ भी बोल देता है। कभी-कभी मुझे लगता है कि उसका मन इसमें नहीं लगता। उसे जरूरत से ज्यादा अहमियत दी जा रही है।’
होस्ट ने कहा- आप अकेले हैं, जिन्हें दिलीप नहीं पसंद
हालांकि, इस बातचीत के दौरान होस्ट ने दिलीप का बचाव किया। साइरस से कहा, ‘दुनिया में आप अकेले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्हें दिलीप पसंद नहीं है। वह बहुत प्यारे और अच्छे इंसान हैं।’
फराह ने किया मजेदार कमेंट, साइरस का जवाब और भी फनी
मजेदार बात यह है कि इसके कुछ समय बाद ही फराह खान ने इसी वीडियो के कमेंट सेक्शन में पलटवार किया। अपने ह्यूमर के लिए मशहूर फराह ने मजेदार अंदाज में लिखा, ‘साइरस, मैं उसे हटाकर तुम्हें उसकी जगह रख सकती हूं।’ खास बात ये कि इस पर साइरस ने भी जवाब दिया, ‘क्या मैं कल से आऊं?’
यूजर्स बोले- दिलीप की जगह कोई नहीं ले सकता
अब सोशल मीडिया पर साइरस और फराह की यह मजेदार बातचीत वायरल हो गई। यूजर्स भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक ने लिखा, ‘नहीं साइरस, आप इसके लिए सही नहीं हैं। दिलीप की जगह कोई नहीं ले सकता।’ एक दूसरे यूजर ने कमेंट किया, ‘उनके साथ एक एपिसोड बनाइए। देखते हैं दिलीप क्या कहते हैं।’ एक तीसरे ने कमेंट में लिखा, ‘अगर साइरस आपके साथ जुड़ गए… तो पक्का सब देखना छोड़ देंगे।’
फराह खान के कुक दिलीप कौन हैं?
फराह खान के कुक दिलीप बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं। वह 16 साल की उम्र में काम की तालश में मुंबई आ गए थे। बीते कुछ साल में दिलीप की पॉपुलैरिटी ने आसमान छुआ है, जिसकी वजह फराह खान के व्लॉग्स हैं। फिल्ममेकर अब अपने व्लॉग में सेलेब्स के घर जाती हैं और उनकी कोई फेवरेट डिश बनाती हैं। कुक दिलीप उनके साथ रहते हैं। दिलीप का देसीपन, उनकी बातें और मजाकिया अंदाज दर्शकों को बहुत पसंद आता है।
2023 में फराह से शुरू की व्लॉगिंग, छा गए कुक दिलीप
फराह खान ने साल 2023 में उनके यूट्यूब व्लॉग्स की शुरुआत की थी। उनकी व्लॉगिंग की शुरुआत कुकिंग वीडियोज से हुई थी। इस दौरान वह दिलीप से सवाल-जवाब करती हैं, जिस पर मजेदार कमेंट्स मिलते हैं। कुक दिलीप की पॉपुलैरिटी इस हद तक बढ़ी कि वह फराह के साथ मालदीव की छुट्टियों पर भी गए हैं। कुछ महीने पहले ही दिलीप ने कई विज्ञापनों में शाहरुख खान और फराह के साथ स्क्रीन शेयर किया।
फराह ने बताया- दिलीप पर बहुत कर्ज था, अब बड़ा बंगला बनवा रहा
हाल ही, सोहा अली खान के साथ बातचीत के दौरा फराह खान ने कुक दिलीप के बारे में बात की। बताया, ‘मैं अब उनके बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूल भेजती हूं। मैंने उनके एक बेटे को कलिनरी डिप्लोमा कोर्स करवाया। दिलीप पर काफी कर्ज था। मुझे नहीं पता कैसे, लेकिन एक साल तो बस उस कर्ज को चुकाने और उन्हें यह समझाने में ही निकल गया कि अब वह ब्याज पर कर्ज नहीं ले सकते, क्योंकि मैं उसको जो भी पैसे देती हूं, वे सब बेकार चले जाते हैं। इसलिए मैंने उनके सारे कर्ज चुका दिए हैं। अब वह बिहार में 6 बेडरूम का बड़ा बंगला बनवा रहा है। मैं कई ब्रांड्स को इसमें शामिल करने की कोशिश कर रही हूं, ताकि घर का काम मुफ्त में हो सके।’