नाबालिग ने कार से स्ट्रीट डॉग को रौंदा…चारों पैर टूटे:डॉग लवर ने विरोध किया तो किशोर के पिता ने डंडा दिखाया, पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर के मुस्काना प्लाजा के पास स्थित जेडी कॉलोनी में एक नाबालिग पर कार से स्ट्रीट डॉग को रौंदने का आरोप है। घटना में डॉग के चारों पैर टूट गए। शुक्रवार रात घटना की जानकारी मिलने पर डॉग लवर और स्थानीय लोग विजय नगर थाने पहुंचे। उन्होंने कार मालिक भरत सोनी और उसके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घायल डॉग का इलाज कराने के लिए कहने पर अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने गाली-गलौज की। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने शिकायत और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

15 अक्टूबर की रात हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात 10 बजकर 13 मिनट पर कॉलोनी निवासी भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार लेकर अपार्टमेंट के गेट से बाहर निकला। इस दौरान कार की चपेट में आने से स्ट्रीट डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर डॉग का इलाज कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार निकालते समय नाबालिग को गेट के पास स्ट्रीट डॉग बैठे होने की जानकारी दी गई थी। उसे सावधानी से कार निकालने के लिए भी कहा गया था। इसके बावजूद घटना हो गई।

इलाज कराने की बात पर गाली-गलौज का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद भरत सोनी और उनके परिवार के लोगों ने माफी मांगने के बजाय कॉलोनी में रहने वालों को धमकाया और गाली-गलौज की। शिकायतकर्ताओं ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी के आरोप भी लगाए हैं।

शुक्रवार को डॉग लवर और स्थानीय लोगों ने विजय नगर थाने पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि घायल डॉग का इलाज कराने की बात पर संबंधित पक्ष ने विवाद किया।

शिकायत के साथ पुलिस को सौंपे फुटेज

विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि कॉलोनी के लोगों ने भरत सोनी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत के साथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे गए हैं। फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love