भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके दोस्त का अपहरण कर लिया। साथ ही मारपीट कर उन्हें छोड़ दिया। घायल युवती को इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। मिसरोद पुलिस ने अपहरण, छेड़छाड़ और मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय युवती अवधपुरी क्षेत्र की निवासी है और एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसकी शुभम कुमार नामक युवक से करीब दस वर्षों से दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच दूरी बन गई थी। शुभम को शक था कि युवती की अपने सहकर्मी राहुल से नजदीकी बढ़ रही है।
मंगलवार सुबह शुभम युवती को स्कूटर से केंद्रीय विद्यालय के पीछे स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसने राहुल को भी बुला लिया। इसी दौरान शुभम ने अपने ममेरे भाइयों और भाभी के साथ मिलकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन कार में बैठाकर बरखेड़ा पठानी ले जाया गया, जहां फिर से मारपीट की गई और बाद में छोड़ दिया गया।
होटल में हंगामा देख कर्मचारियों ने डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस को वाहन का नंबर मिला, जिसके आधार पर युवती तक पहुंचा गया। शुरुआती पूछताछ में युवती ने कार्रवाई से इनकार किया, लेकिन बाद में बयान बदलते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।