जम्मू से श्रीनगर के बीच चलेगी तीसरी वंदे भारत, लोग पूछ रहे हैं लोकल ट्रेन कब चलेगी?

नई दिल्ली: रेल मंत्रालय ने जम्मूतवी और श्रीनगर के बीच तीसरी Vande Bharat Train चलाने की घोषणा की है। इस रूट पर दो जोड़ी वंदे भारत की सेवा पहले से ही मिल रही है। नई वंदे भारत का नंबर 26407 और 26408 होगा। इसकी घोषणा प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने अपने ‘X’ अकाउंट पर की है। हालांकि, जहां यह घोषणा हुई है वहीं लोग पूछ रहे हैं कि इस रूट पर लोकल या पैसेंजर ट्रेन कब चलेगी?

जितेंद्र सिंह ने क्या बताया

जितेंद्र सिंह अपने पोस्ट में लिखते हैं "उधमपुर के लिए अच्छी खबर! स्थानीय लोगों की लोकप्रिय मांग और हमारे गंभीर अनुरोध के जवाब में, रेल मंत्रालय ने जम्मू और श्रीनगर के बीच तीसरी और नई वंदेभारत एक्सप्रेस में उधमपुर को स्टॉपओवर के रूप में शामिल करने की मंजूरी दी है। यह एक बार फिर पीएम श्री @narendramodi की इस क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशीलता को दिखाता है। इस सकारात्मक और त्वरित कदम के लिए रेलवे मंत्री श्री @AshwiniVaishnaw का धन्यवाद।" उन्होंने X पर रेल मंत्री अश्विनी वैश्नव का पत्र शेयर किया।

उधमपुर में भी स्टॉपेज

रेल मंत्री ने अपनी चिट्ठी में बताया है कि इस ट्रेन का नंबर 26407/26408 होगा। जितेंद्र सिंह के इस ट्वीट के जवाब में उधमपुर के लोग रेल मंत्रालय के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। साथ ही तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए स्टॉपओवर के रूप में उधमपुर को चुनने के लिए धन्यवाद दे रहे हैं। यह ट्रन चिनाब ब्रिज से गुजरेगी जो कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल है।

लोकल कब चलेगी?

जितेंद्र सिंह के पोस्ट पर जवाब देते हुए अंकित सिंह (@AnkitSingh50122) नाम के यूजर लिखते हैं कि जम्मू से श्रीनगर के बीच लोकल ट्रेन चलाने की पॉपुलर डिमांड है। कृपया इस पर ध्यान दें। इसी पोस्ट पर अजय कुमार (@Ajju_009) लिखते हैं यह ट्रेन उधमपुर के लोगों का हेल्प कैसे करेगी? हमें श्रीनगर तक लोकल ट्रेन चाहिए।

Spread the love