नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में 45 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके साथ ही उन्होंने एक खास उपलब्धि अपने नाम की। वह वनडे क्रिकेट में 141 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने विराट कोहली और हाशिम अमला जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। बाबर आजम ने वनडे में 141 पारियों में 6671 रन बना लिए हैं और वह इतनी पारियों के बाद रन बनाने के मामले में सबसे आगे हैं।
बाबर वनडे क्रिकेट में 141 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 6671 रन बनाए हैं। वहीं, हाशिम अमला इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआती 141 पारियों में 6626 रन बनाए थे। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। कोहली ने 141 वनडे पारियों में 6224 रन बनाए थे। बाबर ने अमला से 45 रन ज्यादा बनाए, जबकि कोहली के मुकाबले उनके खाते में 447 रन ज्यादा हैं।
स्ट्राइक रेट में पिछड़े बाबर
बाबर की बल्लेबाजी की तुलना जब विराट कोहली से होती है, तो स्ट्राइक रेट सबसे बड़ा अंतर पैदा करता है। इसके साथ ही बाबर छोटी टीमों के खिलाफ खूब रन बनाते हैं। वहीं, विराट कोहली हमेशा मुश्किल पिच पर टीम को बड़ा मैच जिताने के लिए आगे आते हैं। वनडे में बाबर का स्ट्राइक रेट करीब 86.5 है, जबकि कोहली का लगभग 93.9 और हाशिम अमला का करीब 88.4 रहा है। यानी तेजी से रन बनाने के मामले में कोहली आगे रहे हैं।
कोहली और अमला जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ना बड़ी उपलब्धि
विराट कोहली वनडे क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उनके नाम 50 से ज्यादा वनडे शतक हैं। वहीं, हाशिम अमला ने भी अपने करियर में शानदार औसत के साथ रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका के लिए कई यादगार पारियां खेलीं। ऐसे में इन दोनों दिग्गजों को शुरुआती 141 पारियों में रनों के मामले में पीछे छोड़ना बाबर के लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, विराट के साथ उनकी तुलना नहीं हो सकती, क्योंकि 32 साल के बाबर अब तक 7000 रन भी नहीं बना पाए हैं और कोहली वनडे में 15000 रन बना चुके हैं।