MP में 20 करोड़ की बीयर एक्सपायर, कमी को देखते हुए एक्सपायरी डेट 9 महीने करने की तैयारी, निर्यात पर पहले ही लगी है रोक

भोपाल। मध्य प्रदेश में बीयर का संकट बढ़ता जा रहा है। बीयर का सीमित स्टॉक होने की वजह से आबकारी विभाग ने अन्य राज्यों में बीयर के निर्यात पर पहले ही रोक लगा रखी है। अब बीयर की एक्सपायरी डेट नौ माह करने की तैयारी की जा रही है। आबकारी विभाग ने इसका प्रस्ताव बनाकर उप मुख्यमंत्री मंत्री जगदीश देवड़ा को भेजा है।

सोम डिस्टलरी की जब्त बीयर बाजार में उतरी

इसके साथ ही विभाग ने सोम डिस्टलरी की जब्त बीयर बाजार में उतारना शुरू कर दिया है। यह डिस्टलरी चार फरवरी को सील की गई थी और लगभग तीन माह से बीयर का स्टॉक वहीं रखा है। सील यूनिट में रखी लगभग 11 लाख पेटियों में से 7.28 लाख बाजार में उतारी जा रही है।

20 करोड़ की 4.38 लाख पेटियां एक्सपायर

इनमें से 20 करोड़ की 4.38 लाख पेटियां एक्सपायर हो चुकी है। गर्मी के मौसम में बीयर की अधिक डिमांड होती है। प्रदेश में प्रतिदिन दो लाख पेटियों की डिमांड है लेकिन उत्पादन केवल एक लाख का ही हो पा रहा है।इधर, शराब के प्रीमियम ब्रांड का स्टाक भी सीमित है। ग्रीष्म ऋतु में बीयर सीजन का पीक पीरियड होता है। दुकानों पर बीयर और प्रीमियम ब्रांड्स की कमी है ऐसे मे ठेकेदार इसका लाभ उठाते हुए बीयर व शराब महंगे दामों में बचे रहे हैं।


Spread the love