नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस नई टीम में अनुभव और नए चेहरों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर गठित इस टीम में कई बड़े नेताओं की एंट्री हुई है। मध्य प्रदेश के दिग्गजों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मध्य प्रदेश से इन दिग्गजों को मिली जगह
नितिन नवीन की टीम में मध्य प्रदेश का दबदबा साफ नजर आ रहा है। राज्य से लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महासचिव (महामंत्री) बनाया गया है। इसके अलावा, विष्णु दत्त (VD) शर्मा समन्वयक की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। आशीष अग्रवाल को पार्टी की मीडिया टीम में शामिल किया गया है।
स्मृति ईरानी और बिप्लब देब बने महामंत्री
राष्ट्रीय स्तर पर बड़े चेहरों को शामिल करते हुए वसुंधरा राजे सिंधिया और राम माधव समेत कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने 7 राज्यों से 8 राष्ट्रीय महामंत्री बनाए हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश से अमेठी की पूर्व सांसद स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी शामिल हैं। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
महिलाओं और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व
टीम में महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में से 6 महिलाएं हैं, जो कुल आंकड़े का लगभग 50 प्रतिशत है। इसके अलावा, स्मृति ईरानी को महामंत्री और 4 महिलाओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। नितिन नवीन की इस टीम में दो मुस्लिम नेताओं को भी स्थान दिया गया है।