कोडरमा में बस और ट्रक के बीच टक्करः बाबाधाम में पूजा कर नेपाल लौट रहे 3 कांवड़ियों की मौत, 50 श्रद्धालु घायल

कोडरमाः झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखरडीहा मोड़ के निकट सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और 50 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा कांवड़ियों से भरी बस और ट्रक के बीच टक्कर के कारण हुई। बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रोतहट जिले के निवासी बताये जा रहे हैं।

बाबाधाम से लौटने के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार नेपाल के आए श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम और दुमका के बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना कर राजगीर की ओर लौट रहे थे, तभी पोखरिया मोड़ के निकट बस की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस के भीतर फंस गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया

हादसे में मरने वालों की पहचान 12 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की ओर से स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

घायलों के कोडरमा रेफर किया गया

सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां में पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की टीम लगातार घायलों के उपचार में जुटी हुई है।

Spread the love