बेंगलुरु, बेंगलुरु में आईटी कंपनी कैपजेमिनी के एचएएल कैंपस में चल रहे डे-केयर सेंटर में 2-3 साल के बच्चे के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। सेंटर के कुछ वीडिया वायरल हैं, जिसमें यहां का महिला स्टाफ एक बच्चे से गलत व्यवहार करता दिख रहा है।
वीडियो में बच्चा टॉयलेट में बंद है, फर्श पर लेटा हुआ है और जोरों से रो रहा है। एक महिला बच्चे के बिलखने का वीडियो बना रही है। एक और वीडियो में महिला बच्चे को टॉयलेट सीट पर बैठाकर उसके मुंह पर जेट स्प्रे से पानी डाल रही है।
इसके अलावा बच्चे को फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाकर रखा गया है। उसके डराया जा रहा है, बच्चा रो रहा है। बताया गया कि डे-केयर के वीडियो 29 जून को वायरल हुए।
सेंटर की पुष्टि होने की बाद पुलिस ने 5 महिला केयरगिवर के खिलाफ केस दर्ज किया। हालांकि, कितने बच्चों के साथ गलत व्यवहार हुआ इसकी डिटेल सामने नहीं आई है।
पुलिस बोली- बच्चों के माता-पिता IT प्रोफेशनल
डीसीपी सैदुलु अडावथ ने कहा कि डे-केयर में आने वाले बच्चे कैंपस में काम करने वाले प्रोफेशनल्स के हैं, जिन्हें उनके माता-पिता ड्यूटी के दौरान यहां छोड़ते थे। वीडियो देखकर माता-पिता और अधिकारी दोनों हैरान रह गए। बच्चों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद गंभीर है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि डे-केयर सेंटर का संचालन सीधे कैपजेमिनी कर रही थी या कंपनी परिसर में किसी बाहरी एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। पांचों महिला कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। आयोग अधिकारियों से रिपोर्ट मांगेगा और अपने स्तर पर जांच करेगा।
कंपनी ने डे-केयर सेंटर बंद किया
कैपजेमिनी ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
50 से ज्यादा देशों में फैली हैं कंपनी
कैपजेमिनी दुनिया की बड़ी IT कंपनियों में शामिल है। इसका हेडक्वॉर्टर फ्रांस की राजधानी पेरिस में है। कंपनी सॉफ्टवेयर, क्लाउड, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी और कंसल्टिंग से जुड़ी सेवाएं देती है। इसके ऑफिस 50 से ज्यादा देशों में है।
दुनियाभर में करीब 3.5 लाख कर्मचारी काम करते हैं। भारत में बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता समेत कई शहरों में इसके बड़े ऑफिस हैं।