CM विजय के पिता चंद्रशेखर का गर्व से फूला सीना, बताया मुख्यमंत्री बेटे से मिलने पहुंचे तो कैसा लगा

फैंस के थलपति और तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री सी. जोसेफ विजय के कार्यकाल को 4 महीने हो चुके हैं। राज्य के CM के तौर पर बीते 122 दिनों में विजय ने कई बड़े फैसले लिए हैं। उनके पिता और दिग्‍गज डायरेक्‍टर एसए चंद्रशेखर ने बेटे की इस उपलब्‍ध‍ि पर एक पोस्‍ट शेयर किया है। उन्‍होंने बेटे की राजनीतिक यात्रा पर ‘गर्व’ जताया है। साथ में दो तस्‍वीरें भी शेयर की हैं, जिसमें विजय अपने पिता और मां शोभा चंद्रशेखर के साथ नजर आ रहे हैं।

डायरेक्टर एसए चंद्रशेखर ने इंस्टाग्राम पर अपना यह पोस्‍ट तमिल भाषा में लिखा है। उन्‍होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने बेटे से मिलने पर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। कहा कि एक पिता के तौर पर उन्हें इस बात पर गर्व है कि विजय कितनी आसानी से बड़ी जिम्मेदारियों और दबाव को संभालते हैं।

‘मुख्यमंत्री, जो जिम्मेदारियों और दबावों को आसानी से संभालते हैं’

तमिल और कन्‍नड़ में 70 से अध‍िक फिल्‍में बना चुके एसए चंद्रशेखर लिखते हैं, ‘मुख्यमंत्री से मिलना, जो अपने ऊपर मौजूद भारी जिम्मेदारियों और दबावों को इतनी आसानी से संभालते हैं। यह एक ऐसा पल था जिसने एक पिता के तौर पर मुझे बहुत गर्व से भर दिया।’ अब भावुक पिता का यह पोस्ट विजय के फैंस और TVK कार्यकर्ताओं के बीच वायरल हो रहा है। कमेंट सेक्शन में बधाई और जमकर तारीफ हो रही है।

विजय के फैंस बोले- हमारा सीना भी चौड़ा हो गया

विजय के एक फैन ने तारीफ करते हुए लिखा, ‘हमारे मुख्यमंत्री अपने पिता की तरह हिम्मत वाले और अपनी मां की तरह प्यार करने वाले हैं।’ एक अन्‍य फैन ने लिखा, ‘इस पोस्‍ट को देखकर हमारा भी सीना चौड़ा हो गया। एक पिता के लिए वाकई इससे बड़ी खुशी नहीं हो सकती।’

विजय ने 10 मई को ली थी मुख्‍यमंत्री पद की शपथ

थलपति विजय ने 10 मई 2026 को तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब मई में ही समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए चंद्रशेखर ने कहा था, ‘सबसे पहले, एक पिता के तौर पर मुझे बहुत गर्व और खुशी महसूस हो रही है। मैं और मेरी पत्नी दोनों ही बहुत खुश हैं। पिछले दो साल में मैंने अपने बेटे का आत्मविश्वास बढ़ते हुए देखा है।’

चंद्रशेखर ने तब कहा था- उन्‍हें किसी गठबंधन की जरूरत नहीं

चंद्रशेखर ने तब याद किया कि कैसे तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के नेता विजय ने एक बार उनसे कहा था, ‘मैं तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनूंगा।’ गर्व से भरे पिता ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान विजय में आत्मविश्वास की कमी का जरा भी संकेत नहीं दिखा। इसके बजाय वह लगातार कहते रहे कि वह अपने दम पर खड़े हैं और रहेंगे। उन्‍हें किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है। यह तमिलनाडु, यहां के लोगों और हर जगह रहने वाले तमिलों के लिए एक सकारात्मक बदलाव है।

‘पिछले 30 साल से विजय के मन में कुछ करने की इच्छा थी’

चंद्रशेखर ने बातचीत के आख‍िर में कहा था, ‘पिछले 30 साल से उनके मन में समाज और तमिल लोगों के लिए कुछ करने की इच्छा थी। यह विचार हमेशा उनके मन में रहा और उन्होंने धीरे-धीरे इन विचारों को आगे बढ़ाया। आज, वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालने के लिए तैयार हैं।’

CM विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर कौन हैं

एसए चंद्रशेखर का पूरा नाम सेनापति अल्बर्ट चन्द्रशेखरन है। वह एक भारतीय फिल्म निर्देशक, निर्माता, पटकथा लेखक और अभिनेता हैं। वह तमिल, और कन्नड़ सिनेमा के साथ ही तेलुगू और हिंदी में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने बतौर डायरेक्‍टर करियर की शुरुआत ‘अवल ओरु पचाई कुझानथाई’ (1978) से की थी। साल 1981 में रिलीज ‘सत्तम ओरु इरुट्टाराई’ ने उन्‍हें पॉपुलैरिटी दी। दक्षिण भारतीय भाषाओं में 70 से अधिक फिल्मों का डायरेक्‍शन कर चुके एसए चंद्रशेखर सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

Spread the love