स्मार्ट मीटर-बढ़ते बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का जनांदोलन:घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता

जगदलपुर, जगदलपुर में सोमवार को उत्तर और दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की रणनीतिक बैठक हुई। मीटिंग में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में तय किया गया कि ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वार्डों में घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज की जाएंगी। उनसे विरोध-पत्र के साथ ही आवेदन भरवाए जाएंगे।

400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना बहाल होने तक संघर्ष

प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि भाजपा सरकार में बिजली बिलों में बढ़ोतरी से आम जनता और मध्यम वर्ग परेशान है। कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद कर लोगों पर आर्थिक बोझ डाला गया है।

इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना की बहाली की मांग को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरकर संघर्ष करेगी।

जनता के शोषण के खिलाफ निर्णायक होगी कांग्रेस की लड़ाई

उन्होंने कहा कि बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई निर्णायक होगी। अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे। बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम नागरिकों से आवेदन लिए जाएंगे।जनता के शोषण के मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

बिजली बिल में राहत मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन

कांग्रेस का कहना है कि जब तक जनता को बिजली बिलों में राहत नहीं मिलती और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक नहीं लगती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। मंडल और सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर उपभोक्ताओं से जनसंपर्क किया जाएगा और विरोध-पत्र एकत्र किए जाएंगे।

स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता का शोषण

कांग्रेस का कहना है कि बढ़ता बिजली बिल आज हर परिवार की चिंता का विषय है। सरकार जनता को राहत देने की बजाय महंगाई का बोझ डाल रही है। आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। कांग्रेस जनता की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी।

Spread the love