सूरजपुर। जिला सूरजपुर के नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में प्रथम निर्वाचन प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 17 जून को आयोजित किया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस गरिमामय समारोह में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शिवानी जायसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सात पार्षदों को विधिपूर्वक पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वाले पार्षदों में श्यामू साहू, प्रमिला साहू, मंजू खेमचंद गोयल, अंजली राजवाड़े, वर्षा जायसवाल, मनी बग्गा एवं प्रशांत अग्रवाल शामिल रहे। इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कलेक्टर रेना जमील सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों को जनता द्वारा दिए गए विश्वास के लिए बधाई देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने आह्वान किया कि जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने तथा जिलेवासियों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन एवं प्रशासन विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली और उसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक 06 में मंगल भवन निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी, जिस पर उपस्थित नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
सभा को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रितेश जायसवाल एवं समस्त पार्षदों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर का गठन क्षेत्रवासियों की दीर्घकालिक मांग एवं आकांक्षा की पूर्ति है, जो क्षेत्र को सुनियोजित एवं समग्र विकास की दिशा में अग्रसर करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिवनंदनपुर में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी तथा प्रदेश सरकार सभी के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंत्री नेताम ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे आपसी समन्वय एवं सामूहिक संकल्प के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक सुनिश्चित करें और क्षेत्र को विकास का नया मानक स्थापित करने वाला नगर बनाएं।