धीरेंद्र शास्त्री बोले- देश में कास्टवाद नहीं, राष्ट्रवाद चाहते हैं:हिंदू-सनातन एकता रथयात्रा के दूसरे दिन 7 वचनों की शपथ; बुलडोजर से बरसाए फूल

छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की 3.0 ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा’ का आज दूसरा दिन है। पन्ना स्थित रघुलीला पैलेस में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, राष्ट्रगान और बच्चों को शपथ दिलाने के साथ शुरू हुई।

अयोध्या के राजू दास, मलूकपीठ के गंगा दास, हरिद्वार के मोनी और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज साथ हैं। शास्त्री ने हजारों श्रद्धालुओं को सात वचनों की शपथ दिलाई। उन्होंने सामाजिक एकता, नशामुक्ति, हिंदू एकता और राष्ट्रवाद को यात्रा का उद्देश्य बताया।

बिहार से आए संत ऋषि ने कहा कि यहां का माहौल बहुत अच्छा है और देशभर से लोग यात्रा में शामिल हुए हैं। उन्होंने पन्ना में मिले सहयोग और उत्साह की सराहना की। साथ ही लोगों से अच्छे कार्यों में सहयोग देने, गुरुदेव के साथ जुड़े रहने और उनकी बातों का पालन करने की अपील की।

सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा द्वारी गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ग्रामीणों से गांव का नाम पूछा। ग्रामीणों ने बताया कि यह द्वारी गांव है।

शास्त्री ने कहा कि यह यात्रा सभी हिंदुओं को एकजुट करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने लोगों से शराब और नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि सभी हिंदू एकजुट नहीं हुए, तो आने वाला समय बहुत खराब हो जाएगा।

ग्राम तारा में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दर्शन के लिए स्कूली छात्र-छात्राएं और शिक्षक चलती क्लास से बाहर निकल आए। उन्होंने हाथ हिलाकर महाराज का स्वागत किया।

तारा गांव में सनातन हिंदू एकता यात्रा के स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने भव्य तरीके से यात्रा का स्वागत किया। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हाथ उठाकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और हिंदुओं से एकजुट होने की अपील की। इस दौरान लोगों ने ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगाए।

श्रद्धालु पूजा दुबे ने कहा कि महाराज जी के आशीर्वाद से उनके परिवार और बेटी को बहुत लाभ मिला है। उन्होंने कहा, "हमें बहुत खुशी हो रही है, हमारी बेटी को और हमारे पूरे परिवार को महाराज जी का बहुत आशीर्वाद मिला है। महाराज जी की कृपा से हमें सब कुछ मिला है और हम जो भी सोचते हैं, उनकी कृपा से सब पूरा होता है।

हमें किसी चीज की कमी नहीं रहती। जब हमने सोचा था कि सब जगह रथ यात्रा निकलती है तो हमारे यहाँ क्यों नहीं निकलती, तो देखिए वह भी निकली। हमें बागेश्वर महाराज जी के दर्शन मिले। मैं रात से ही यहाँ आकर बैठी हूँ और मुझे बेहद खुशी महसूस हो रही है। मैं बालाजी सरकार की पेशी भी करती हूँ, जिससे मुझे बहुत लाभ हुआ है और मेरी बेटी भी बहुत अच्छी हो गई है।"

सनातन हिंदू एकता यात्रा तारा से नाचते-गाते हुए पहुंची। यात्रा को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु जय श्रीराम के नारे लगाते हुए अमानगंज के लिए रवाना हुए। यात्रा के स्वागत के लिए अमानगंज नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

कानपुर के मातृशक्ति सुंदरकांड मंडल की सदस्य संध्या सिंह अपने साथियों के साथ हिंदू राष्ट्र के संकल्प और गुरु सेवा के उद्देश्य से पैदल यात्रा कर रही हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने बताया कि वह अपनी इच्छा से इस यात्रा पर निकली हैं। उनके मुताबिक, हिंदू राष्ट्र का निर्माण केवल गुरु जी की नहीं, बल्कि उनकी अपनी भी जिम्मेदारी है।

सतना बैरियर पर सनातन हिंदू एकता यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर स्वागत किया, वहीं जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। बाबा बागेश्वर ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दोनों हाथ उठाकर ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारे लगाए।

श्रद्धालु सीता व्यास ने बताया कि उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा, "हमने उनके पैर पड़े, तो उन्होंने हमको आशीर्वाद दिया, कहा आशीर्वाद है। हम उनसे चार साल से जुड़े हैं, दिल से जुड़े हैं उनसे, इसीलिए हम भावुक हो जाते हैं उनको देखकर।"

पन्ना के डायमंड चौराहे से सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा सतना बैरियर के लिए रवाना हुई। इस दौरान जगह-जगह आतिशबाजी और पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

सनातन हिंदू एकता यात्रा पन्ना के डायमंड चौराहे पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने ‘जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’ के नारों के साथ जेसीबी से पुष्प वर्षा कर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत किया। इस दौरान शास्त्री ने हाथ उठाकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

सनातन हिंदू एकता यात्रा बादशाह साई चौराहे पहुंची। यहां भक्तों ने लगातार पुष्प वर्षा कर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने उन्हें भगवान श्री जुगल किशोर जी का चित्र भेंट किया और आशीर्वाद लिया।

भक्तों ने बताया कि यात्रा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। सैकड़ों श्रद्धालु दो घंटे से अधिक समय तक महाराज जी के दर्शन और आशीर्वाद के लिए इंतजार करते रहे। उनके दर्शन कर और आशीर्वाद लेकर श्रद्धालुओं ने खुद को धन्य महसूस किया।

सनातन हिंदू एकता रथयात्रा पन्ना के पावर हाउस चौक पर पहुंच गई है। यहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी का स्वागत किया।

Spread the love