एमसीबी।भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर (PIB) द्वारा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान” के अंतर्गत वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन होटल हसदेव इन, मनेन्द्रगढ़ में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखने, नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने तथा मीडिया के माध्यम से नशामुक्ति के संदेश को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में PIB रायपुर के उपनिदेशक (मीडिया एवं संचार) रमेश जयभाये ने मुख्य अतिथि कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े, भोपाल PIB निदेशक मनीष गौतम, छत्तीसगढ़ बंधु पत्रिका के संपादक मधुकर द्विवेदी, माय भारत जिला समन्वयक कोरिया सुश्री चहल कैलाशिया, एमसीबी प्रेस क्लब अध्यक्ष रंजीत सिंह तथा पत्रकार संघ मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष प्रवीण ऋषि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिले के अन्य पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। नाचा दल ने “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार, इंद्रावती हर पखारे तोर पांव” जैसे लोकप्रिय पारंपरिक गीत की प्रस्तुति दी। इसके पश्चात “मोर संग चलव गा” छत्तीसगढ़ी गीत के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। स्वागत गीत की प्रस्तुति के बाद नशा मुक्ति अभियान पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसमें प्रभावी ढंग से दिखाया गया कि नशे की लत किस प्रकार एक व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित कर सकती है तथा एक हंसते-खेलते परिवार को बिखरने की स्थिति तक पहुंच देती है।