बलौदाबाजार, बलौदाबाजार में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। 20 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चले विशेष चेकिंग अभियान में 48 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए। पुलिस ने सभी वाहन जब्त कर चालकों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान पुलिस की कई टीमों ने भारी, चारपहिया और दोपहिया वाहन चालकों की गहन जांच की। ब्रेथ एनालाइजर मशीन का इस्तेमाल कर ड्राइवरों के खून में अल्कोहल की मात्रा मापी गई। पुलिस के अनुसार, सभी 48 चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया और उनके वाहन मौके पर ही जब्त कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि, यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा, "जब्त किए गए सभी 48 वाहनों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
साथ ही, इन सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।"
बता दें कि, बलौदाबाजार-भाटापारा यातायात पुलिस पिछले कई दिनों से नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरत रही है। पुलिस का मानना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।