इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स सोमवार यानि 8 जून को लंदन के एक नाइटक्लब विवाद में घिरते हुए नजर आए हैं। जिसके बाद उन्हें और तेज गेंदबाज गस अटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर कर दिया गया। इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मामले को हल्के में नहीं लिया जा रहा है। क्रिकेट निर्देशक रॉब की ने शराब पर बैन का अंदेशा जताया है। बेन स्टोक्स कप्तान बने रहेंगे या नहीं इसको लेकर भी उनकी ओर से आश्वासन नहीं दिया गया है।
रॉब की ने खिलाड़ियों को चेताया
रॉब की ने खिलाड़ियों को चेताते हुए शराब पर प्रतिबध लगाने के संदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्दबाजी में कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहते हैं लेकिन अब खिलाड़ियों को दिखाना होगा कि उनके ऊपर भरोसा किया जा सकता है। रॉब ने कहा, ‘क्या हमें यह देखने की जरूरत है कि क्या हम पर्याप्त रूप से सख्त हैं? यहां तक कि जब खिलाड़ी मैच जीतते हैं, तो क्या अब यह ऐसा समय है जब किसी भी स्तर पर शराब का सेवन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया जाए?’
बेन स्टोक्स और गस अटकिंसन ने तोड़ा नियम
पिछले छह महीनों में इंग्लैंड की टीम से जुड़ा शराब से संबंधित यह सबसे नया विवाद है। लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने वाली टीम के 11 खिलाड़ियों में से छह खिलाड़ी देर रात विवाद में घिरते हुए नजर आए। सर्दियों के दौरान शराब पीने के कल्चर को लेकर लगे आरोपों के बाद इंग्लैंड ने खिलाड़ियों के लिए आधी रात का कर्फ्यू लागू किया था जिसे स्टोक्स और एटकिंसन ने तोड़ दिया।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम में पुराना है शराब कल्चर
इंग्लैंड क्रिकेट टीम में शराब कल्चर से जुड़ा विवाद नया नहीं है। बीते 9 महीने में ऐसे कई विवाद सामने आए हैं। हैरी ब्रूक वेलिंगटन में एक बाउंसर से भिड़ते हुए नजर आए थे। उनके साथ जैकेब बेथेल और जोश टंग भी थे। इसके अलावा सलामी बल्लेबाज बेन डकेट का नूसा में नशे की हालात में वीडियो वायरल हुआ था।