एंथ्रेक्स संक्रमण का खौफ, तीन साल के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 1500 वर्ग मीटर के एरिया की हुई घेराबंदी

भोपाल: मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एंथ्रेक्स संक्रमण से एक हाथी की मौत के बाद 1500 वर्ग मीटर के इलाके को घेराबंदी करके तीन साल के लिए पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस प्रतिबंधित इलाके में वह जगह भी शामिल है, जहां हाथी की मौत हुई थी।

एहतियात के तौर पर लिया गया था फैसला

दरअसल, संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए, एहतियात के तौर पर इस जगह को चेन-लिंक फेंसिंग से सुरक्षित किया गया है और यहां प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

बांधवगढ़ में वन विभाग के हैं 15 हाथी

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अभी वन विभाग के 15 हाथी हैं, जबकि जंगली हाथियों की संख्या 80 से 90 के बीच होने का अनुमान है। एंथ्रेक्स का पता चलने के बाद, रिजर्व प्रबंधन ने विभाग के और जंगली, दोनों तरह के हाथियों की स्वास्थ्य जांच और निगरानी बढ़ा दी है।

इसी कैंप में गायत्री की हुई थी मौत

लगभग चार महीने पहले, इसी कैंप में इलाज के दौरान गायत्री नाम की एक मादा हाथी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कोर जोन में टीकाकरण किया गया और हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

सुरक्षा के लिए की गई घेराबंदी

बांधवगढ़ के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने कहा कि एंथ्रेक्स का पता चलने के बाद सुरक्षा के तौर पर प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। अब तीन साल तक यह प्रतिबंधित रहेगा। संभावित संक्रमण को बुरे असर से बचने के लिए हाथियों का टीकाकरण और लगातार निगरानी पहले से ही की जा रही है।

हाथी महोत्सव हुआ संपन्न

वहीं, एंथ्रेक्स के डर के बावजूद, बांधवगढ़ में पांच दिवसीय हाथी महोत्सव सोमवार को संपन्न हो गया है। विभाग के सभी 15 हाथी मंगलवार सुबह से अपनी नियमित ड्यूटी पर हैं। बच्चों से लेकर व्यस्क हाथियों तक, सभी हाथी जंगल में गश्त, निगरानी और बचाव कार्यों में फिर से जुट जाएंगे।

हाथियों को मिला खास खाना

महोत्सव के दौरान हाथियों को केला, सेब, मक्का, गन्ना, नारियल और नाशपाती जैसा खास खाना दिया गया। उनकी सेहत की निगरानी के लिए खून और पेशाब के नमूने लिए गए। साथ ही महावतों की भी स्वास्थ्य जांच की गई। महोत्सव के दौरान कृष्णा नाम का नर हाथी का बच्चा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा है। बच्चे उसे कैंप में खेलते-कूदते देखकर खुस हुए, जबकि ग्रामीणों और पर्यटकों ने भी हाथियों को फल खिलाए।

Spread the love