रायपुर ग्रामीण में अवैध शराब बेचते 5 लोग गिरफ्तार:देवगांव और अमलीतालाब में छापेमारी

तिल्दा, रायपुर, खरोरा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम देवगांव और अमलीतालाब क्षेत्र से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब और नकदी जब्त की है। कार्रवाई ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मुखबिर की सूचना पर की गई।

पुलिस के अनुसार, 6 जून को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बेचते हुए आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अमीत जोशी, विनोद डहरिया, आकाश घृतलहरे, लोकेश्वर कुमार जोशी और रामचरण घृतलहरे शामिल हैं।

अमीत जोशी के पास मिली 32 पौवा शराब

पुलिस ने अमीत जोशी के कब्जे से 32 पौवा शोले देशी मदिरा मसाला शराब (5.760 लीटर) और 330 रुपये नकद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 3,530 रुपये बताई गई है।

अन्य आरोपियों से भी बड़ी मात्रा में शराब जब्त

विनोद डहरिया के पास से 35 पौवा देशी शराब (6.300 लीटर) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3,500 रुपये है।

इसके अलावा आकाश घृतलहरे से 17 पौवा, लोकेश्वर कुमार जोशी से 16 पौवा तथा रामचरण घृतलहरे से 17 पौवा देशी शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर पुलिस ने 117 पौवा अवैध शराब जब्त की है।

आबकारी एक्ट के तहत दर्ज हुए मामले

पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।

अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगी सख्ती

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी इसी तरह के अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Spread the love