मुंबई: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में फिर गिरावट दिखी है। पिछले सप्ताह इसमें $711 million की गिरावट हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $938 million की बढ़ोतरी हुई थी। हालांकि इस सप्ताह सोने के भंडार में करीब दो अरब डॉलर की बढ़ोतरी दिखी है। लेकिन एफसीए भंडार में काफी गिरावट आने की वजह से ओवरऑल विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई है।
Forex भंडार में हो गई कमी
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 05 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में $711 million की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $938 million की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर $681.610 billion का रह गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार $728.494 billion के ऑल टाइम हाई पर था।
FCA भंडार में उल्लेखनीय गिरावट
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 05 जून 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $2.704 billion की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें $3.116 billion की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार घट कर $543.444 billion का रह गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व में बढ़ोतरी
- आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के मूल्य में बढ़ोतरी हुई है।
- इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $1.975 billion की बढ़ोतरी हुई है।
- इससे एक सप्ताह पहले इसमें $2.186 billion की कमी आई थी।
- अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू बढ़ कर $114.575 billion का हो गया है।
- उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का हो गया है।
- यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।
एसडीआर में मामूली बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) मामूली 18 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें कोई घट-बढ़ नहीं हुई थी। इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में कोई कमी-बेशी नहीं हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें मामूली $8 million की गिरावट आई थी। इस समय अपना आईएमएफ रिजर्व $4.826 billion का है।