बलरामपुर (बिलासपुर), बलरामपुर-रामानुजगंज। तातापानी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुभाषनगर में जमीन विवाद को लेकर एक मकान में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता सौमित्र हालदार (41) ने जयदेव शील और उसकी दूसरी पत्नी पर घर का दरवाजा तोड़कर आग लगाने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि आग से घर में रखा घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती वस्तुएं जल गईं, जिससे 5 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
सौमित्र हालदार के मुताबिक, 6 सितंबर को उनकी मां की तबीयत खराब होने पर वे इलाज कराने के बाद पुराने घर में रुक गए थे। इसी दौरान 6 सितंबर की आधी रात से 7 सितंबर सुबह करीब 6 बजे के बीच सुभाषनगर स्थित मकान में आग लगा दी गई।
सुबह जब वे घर पहुंचे तो दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज समेत अन्य चीजें पूरी तरह जली हुई थीं।
जमीन विवाद को बताया आगजनी की वजह
सौमित्र हालदार ने पुलिस को बताया कि जयदेव शील के साथ उनका जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इस संबंध में पहले भी तातापानी चौकी में शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाद के कारण जयदेव शील और उसकी दूसरी पत्नी उन्हें और उनके परिवार को मकान जलाने तथा जान से मारने की धमकी देते थे।
उनका आरोप है कि दोनों ने मिलकर मकान में आग लगाई और घटना के बाद गांव से फरार हो गए।
5 लाख से ज्यादा के नुकसान का दावा
आग में घर का घरेलू सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य कीमती वस्तुएं जल गईं। शिकायतकर्ता ने कुल नुकसान 5 लाख रुपए से अधिक होने का दावा किया है। पुलिस अब नुकसान का आकलन और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
शिकायत के आधार पर तातापानी चौकी पुलिस ने जयदेव शील और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ BNS की धारा 351(3), 326(छ) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस आगजनी के कारण, आरोपियों की कथित भूमिका और नुकसान की वास्तविक स्थिति की जांच कर रही है। घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।