ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान की जीत के दावों की भारत ने निकाली हवा, UN में जमकर धोया, मसदूर अजहर पर भी घेरा

न्यूयॉर्क: भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी कमेटी की बैठक में पाकिस्तान पर सीधा हमला बोला। भारत ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस आतंकवाद को पैदा किया था, अब वही उसकी अपनी जमीन के लिए खतरा बन गया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के फर्स्ट सेक्रेटरी रघु पुरी ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के जीत के दावों की भी हवा निकाल दी। उन्होंने भारत के खिलाफ जीत के पाकिस्तान के दावों को भ्रम बताया।

रघु पुरी ने कहा, "अगर बमबारी से बर्बाद हुए एयरफील्ड और गड्ढों वाले रनवे पाकिस्तान को जीत जैसे लगते हैं, तो बेशक वे इसका आनंद ले सकते हैं।" बीते साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इसके बाद एक तीखा सैन्य संघर्ष हुआ था, जिसमें भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान के कम से कम 11 मिलिट्री एयरबेस को निशाना बनाया था।

पाकिस्तान को किया करारा जवाब

रघु पुरी संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी कमेटी में पाकिस्तान के प्रतिनिधि उस्मान जादून के भारत पर किए गए हमले का जवाब दे रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान का आतंकी चेहरा बेनकाब करते हुए कहा कि इस्लामाबाद ने आतंकवाद के बेकाबू राक्षस पर अपना कंट्रोल खो दिया है, जिसे उसने खुद बनाया था।

पुरी ने कहा, "पाकिस्तान ने खुद को आतंकवाद से लड़ाई में फ्रंटलाइन स्टेट और पीड़ित के तौर पर पेश किया है, जबकि इस सच्चाई को छिपाया है कि पाकिस्तानी सरकार ने जिस फ्रेंकस्टीन मॉन्स्टर (बेकाबू राक्षस) को बनाया और जिस पर अपना कंट्रोल खो दिया, वह पड़ोसी देशों में तबाही मचाने के बाद अब पाकिस्तान में भी वही सब कर रहा है।"

आप एक ही समय में खरगोश के साथ दौड़ और शिकारी कुत्तों के साथ शिकार भी नहीं कर सकते। असलियत ऐसी नहीं होती।
रघु पुरी, UN मिशन में भारत के फर्स्ट सेक्रेटरी

उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के बयान का जिक्र किया और साथ ही उनके पिता नवाज शरीफ के 2018 के इंटरव्यू की भी याद दिलाई। मरियम नवाज ने पिछले महीने लाहौर में कहा था, "दुर्भाग्य से 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब प्रांत को खतरा मेरे पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा है।" उनका इशारा खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की तरफ था।

Spread the love