‘भारत उबल रहा है’, CJP प्रोटेस्ट के समर्थन में सलमान रश्दी, जोहरान ममदानी की मां भी साथ, भड़के लोग

न्यूयॉर्क: भारतीय मूल के विख्यात लेखक सलमान रश्दी और न्यूयॉर्क मेयर जोहरान ममदानी की मां मीरा नायर ने भारत में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन का समर्थन किया है। न्यूयॉर्क में एक रेस्तरां में आयोजित डिनर के दौरान रश्दी ने कहा कि अगर में कॉकरोच का जश्न मनाने की बात न कहूं तो गलत होगा। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं ने बहुत लंबे समय बाद उम्मीद जगाने वाला पल दिया है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रश्दी ने यह बातें दिवाली से पहले न्यूयॉर्क के पैसरीन रेस्टोरेंट में एशियन अमेरिकन राइटर्स वर्कशॉप (AAWW) के लिए आयोजित फंडरेजिंग डिनर के दौरान कहीं। दिवाली डिनर का आयोजन भारतीय मूल की फिल्मकार मीरा नायर ने किया था, जो न्यूयॉर्क के पहले भारतवंशी मेयर जोहरान ममदानी की मां भी हैं।

CJP प्रोटेस्ट को रश्दी का समर्थन

डिनर के दौरान रश्दी ने भारत में कॉकरोच आंदोलन का जिक्र किया। उन्होंने भारत में युवा प्रदर्शनकारियों की तारीफ की और कहा, "अभी भारत में कुछ चल रहा है। "भारत उबल रहा है। मुझे लगता है कि अगर मैं कॉकरोच का जश्न मनाने की बात न कहूं, तो गलत होगा। भले ही रेस्टोरेंट में ऐसी बात कहना सही न हो।"

भारत के युवाओं ने बहुत लंबे समय बाद उम्मीद जगाने वाला पल दिया है। इसीलिए लोगों का सड़कों पर उतरना और वह विकल्प चुनना जरूरी है, जो करोड़ों भारतीय नहीं चुन पा रहे हैं। चोटें भर जाएंगी, सूजन कम हो जाएगी और हड्डियां भी जुड़ जाएगे, लेकिन यह देश इस तरह से आगे नहीं चल सकता।
सलमान रश्दी, लेखक

मीरा नायर ने खुद को कहा कॉकरोच मॉम

डिनर की आयोजक मीरा नायर ने भी सलमान रश्दी का समर्थन किया। उन्होंने भारत में चल रहे युवाओं के आंदोलन की तारीफ की। उन्होंने आंदोलन पर गर्व जताया और खुद को ‘कॉकरोच मॉम’ कहा। इस दौरान रश्दी ने मुंबई में बिताए अपने बचपन को याद किया और बताया कि कैसे वे दिवाली मनाया करते थे।

सोशल मीडिया पर भड़के लोग

सलमान रश्दी और मीरा नायर की टिप्पणियों पर सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया है। रूपा सुब्रमन्य ने X पर कहा कि रश्दी की टिप्पणी अजीब है। उन्होंने कहा कि रश्दी को एक उपन्यास लिखने की वजह से दशकों तक इस्लामी कट्टरपंथियों की ओर से मौत के फतवे का सामना करना पड़ा। 2022 में एक हमलावर ने मंच पर ही चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय प्रगतिशील इस्लामी कट्टरपंथ के खिलाफ रश्दी का कभी बचाव नहीं करेंगे।

एक अन्य यूजर ने लिखा, एक व्यक्ति ने इस्लामिस्टों के हाथों अपनी एक आंख गंवा दी और आधी जिंदगी इस डर में बिता दी कि कहीं कोई इस्लामिक हत्यारा उसका पीछ न कर रहा हो। लेकिन हिंदुओं को डराने-धमकाने वाले एक बहादुर सार्वजनिक बु्द्धिजीवी के रूप में उसे रहना बहुत आसान और आरामदायक लगता है।

Spread the love