UNSC में भारत की सदस्‍यता से मुंह मोड़ रहा अमेरिका? अमेरिकी प्रवक्ता ने स्थायी सीट पर दिया गोलमोल जवाब

न्यूयॉर्क: अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों का समर्थन किया है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि ट्रंप प्रशासन संयुक्त राष्ट्र में बड़े बदलाव करना चाहता है। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सीट दिए जाने के सवाल पर जवाब नहीं दिया। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ल्यूक ओर्टेगा से भारत की लंबे समय से चली आ रही दावेदारी के बारे में सीधा सवाल पूछा गया था।

संयुक्त राष्ट्र में सुधारों पर क्या कहा?

अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा कि वॉशिंगटन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से सुधार की मांगों का सम्मान करता है। इसके बाद उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के लिए अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा, मैंने बताया कि सुधार के मामले में हमारी प्राथमिकताएं क्या हैं और फिर से कहूंगा कि असल बात उस क्षमता को हासिल करने की है, जो संयुक्त राष्ट्र में हो सकता है।

ओर्टेगा से पूछा गया कि क्या सुरक्षा परिषद में सुधार अमेरिका की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल है। इस पर उन्होंने कहा, हम इस मुद्दे को बहुत व्यापक नजरिए से देख रहे हैं और यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि पूरा संगठन सही दिशा में आगे बढ़े ताकि दुनिया भर के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर सके।

भारत की दावेदारी पर नहीं दिया जवाब

ओर्टेगा ने भारत की उम्मीदवारी या परिषद की सदस्यता में बदलाव को लेकर कोई खास जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका चाहता है कि संयुक्त राष्ट्र शांति, समृद्धि और राष्ट्रीय संप्रभुता के सम्मान पर ध्यान केंद्रित करे। उन्होंने कहा, संयुक्त राष्ट्र को उसकी बुनियादी और असली जिम्मेदारियों पर वापस लाना, उससे कम काम करवाना और उस काम को बेहतर ढंग से करवाना अमेरिका की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

UN में भारत की भूमिका पर क्या कहा?

संयुक्त राष्ट्र में भारत की भूमिका के सवाल पर अमेरिकी प्रवक्ता ने दोनों देशों के व्यापक रिश्तों का जिक्र किया। ओर्टेगा ने कहा, "जाहिर है, भारत के साथ हमारी मजबूत साझेदारी है और यह कई अलग-अलग मंचों पर दिखती है। चाहे वह संयुक्त राष्ट्र हो, QUAD हो या हमारे आपसी रिश्ते हों। हम इसे बहुत अहमियत देते हैं।"

Spread the love