कुआलालंपुर: मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने फिल्म अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। इब्राहिम ने एक गर्मजोशी से भरे सोशल मीडिया पोस्ट में विजय की जीत को महत्वपूर्ण बताया है और तमिलनाडु-मलेशिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया है। उन्होंने विजय के चुनावी नारे ओरु विरल पुरची (एक उंगली क्रांति) की बात करते हुए उम्मीद जताई कि वह तमिलनाडु के लिए अच्छा काम करेंगे।
अनवर इब्राहिम ने एक्स लिखा, ‘मैं अपने मित्र विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री चुने जाने पर हार्दिक बधाई देता हूं। कई वर्षों तक विजय के फैंस ने उन्हें भ्रष्ट राजनेताओं और खलनायकों को तीन घंटे के भीतर पर्दे पर (फिल्मों में) हराते हुए देखा है। तमिलनाडु की जनता ने अब विजय को पर्दे के किरदारों से कहीं ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।’
तमिलनाडु में बड़ा बदलाव: इब्राहिम
तमिलनाडु के चुनाव नतीजों को मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम ने बड़ा बदलाव कहा है। उन्होंने विजय के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि ओरु विरल पुरत्ची यानी एक उंगली क्रांति अब इतिहास रचने की कगार पर है। इब्राहिम ने आगे कहा कि मलेशिया और तमिलनाडु के बीच पीढ़ियों से गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आपसी जन-संबंध रहे हैं। मैं आने वाले समय में मुख्यमंत्री विजय के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।तमिलनाडु के चुनाव नतीजों पर मलेशिया के अलावा भी दुनिया के कई हिस्सों से प्रतिक्रिया आई है। श्रीलंका और पाकिस्तान समेत कई देशों के राजनेताओ और फिल्मी कलाकारों ने सुपरस्टार जोसेफ विजय के तमिलनाडु के नया मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है। खासतौर से श्रीलंका के कई राजनेताओं ने इसे एक बड़ा बदलाव माना है और विजय के साथ मिलकर काम करने की अपनी ख्वाहिश का इजहार किया है।
टीवीके की बड़ी जीत
तमिलनाडु में विजय के नेतृत्व वाली मिलगा वेट्री कजगम (TVK) ने 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं और सबसे बड़ी पार्टी बनी है। राज्य में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत है। कांग्रेस और लेफ्ट के दलों ने विजय को समर्थन का ऐलान किया है। राजनीतिक विश्लेषक इसे राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देख रहे हैं।टीवीके अध्यक्ष विजय ने रविवार को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में एक बड़े कार्यक्रम में समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस बदलाव ने दुनिया का ध्यान खींचा है क्योंकि टीवीके ने राज्य में द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम (DMK) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम (AIADMK) के दशकों पुराने सियासी दबदबे को छोड़ दिया है।