‘2 घंटे पहले उनसे हाथ मिलाया’, मुश्ताक खान के निधन से पहले मिलकर लौटे थे राजपाल यादव, अनुपम खेर ने बताई आखिरी कॉल

हिंदी सिनेमा में यादगार सहायक और कॉमेडी किरदारों के लिए मशहूर अनुभवी अभिनेता मुश्ताक खान का फेफड़ों के कैंसर से जूझने के बाद निधन हो गया है। वे 56 साल के थे। उनके बिजनेस पार्टनर ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया, ‘गुरुवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हो गया। उन्हें पहले लंग कैंसर हुआ था और वे ठीक भी हो गए थे। हालांकि, आठ दिन पहले कैंसर फिर से लौट आया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। यह कैंसर का आखिरी स्टेज था।’

एक्टर के निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस बीच, दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी वीडियो शेयर कर बताया है कि कुछ दिन पहले ही उनकी मुश्ताक से बात हुई थी। वहीं, राजपाल यादव ने तो कहा कि वो 2 घंटे पहले ही उनसे मिलकर आ रहे हैं।

राजपाल यादव बस 2 घंटे पहले मिले

राजपाल यादव ने भी कहा कि वो मुश्ताक खान से मिलने गए थे। उन्होंने X पर लिखा, ‘आज दोपहर मैं मुश्ताक भाई से मिलने गया था, उनसे बात हुई, उन्होंने मुझे देखा, मुझसे हाथ भी मिलाया और वे हमारी सारी बातें सुन रहे थे और उन पर प्रतिक्रिया भी दे रहे थे। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि जिस व्यक्ति से मैं सिर्फ दो घंटे पहले मिला था, जिससे मैंने हाथ मिलाया था, वह अब हमारे बीच नहीं रहे। हम सब ईश्वर के फैसले के आगे सिर झुकाते हैं। मुश्ताक भाई हमेशा से एक लोकप्रिय व्यक्ति और अभिनेता रहे हैं, हैं और रहेंगे। बहुत भारी मन से, मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’

अनुपम खेर हुए भावुक

अनुपम खेर ने वीडियो में कहा, ‘अभी-अभी मुश्ताक खान के जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनके साथ कई फिल्मों में साथ काम किया, फिर अपने-अपने रास्ते चल पड़े लेकिन उनके साथ बिताए दिन हमेशा याद रहेंगे। बहुत सहज थे, शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर, उन्हें कभी गुस्से में नहीं देखा, पिछले चार-पांच साल से उनके बेटे मोहसिन से लगातार बात होती है। मोहसिन जब नया काम करते थे, मैं उनसे हर बार पूछता था आपके वालिद साहब कैसे हैं।’

आज थोड़ी देर पहले मोहसिन से बात हुई। मुझे यकीन है बीमारी के आखिरी दिनों में उन्होंने मुश्ताक साहब का बहुत ख्याल रखा होगा। मुश्ताक साहब से कुछ महीने पहले बात हुई, बड़ी बेबाकी से बात करते थे। मुश्ताक साहब के साथ काम करना, आपका अपनापन हमेशा याद रहेगा। पूरे परिवार को मेरी संवेदनाएं।
अनुपम खेर, एक्टर

मुश्ताक खान की फिल्में


कई दशकों से हिंदी फिल्मों में एक जाना-माना चेहरा रहे खान ने कैरेक्टर एक्टर के तौर पर काफी काम किया। वे कई स्टार्स के साथ नजर आए और ‘राउडी राठौर’ और ‘हेरा फेरी’ (2000) जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग के लिए पहचाने गए।

मुश्ताक खान का फेमस डायलॉग

वे हाल की फिल्मों जैसे ‘गदर 2’, ‘बधाई दो’ और ‘स्त्री 2’ का भी हिस्सा रहे। फिल्मों के अलावा उन्होंने टेलीविजन पर भी काम किया, जहां वे ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे शो में नजर आए। उनकी सबसे यादगार परफॉर्मेंस में से एक थी अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ के साथ ‘वेलकम’ (2007) फिल्म में उनका रोल, जिसमें उनका डायलॉग ‘मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था। एक दिन उदय भाई…’ काफी मशहूर हुआ।

Spread the love