पटनाः TRE-4 परीक्षा को लेकर कई पेचीदगियां पैदा हो गयी हैं जिससे परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र असमंजस में पड़ गये हैं। STET के अपीयरिंग कैंडिडेट को भी इस परीक्षा में शामिल होने की छूट मिली है। इस छूट का TRE-4 पर क्या असर पड़ेगा? इसका सीधा असर ये पड़ेगा कि अभ्यर्थी बहुत ज्यादा हो जाएंगे जब कि सीट पहले ही कम कर दी गयी है। अगर STET परीक्षा के रिजल्ट में देरी हुई तो TRE-4 की संभावित तारीख भी बढ़ानी पड़ेगी। एक तो TRE-4 तारीख तय नहीं है और अब ऊपर से ये पेचीदगी पैदा हो गयी।
2024 के STET का फाइनल रिजल्ट आने तक 6 महीने का समय लगा STET-2026 की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है। लेकिन परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गयी है। अगर मान लिया जाय कि 15 सितम्बर को भी परीक्षा होती है तो रिजल्ट कितने समय में घोषित होगा? STET- 2024 में आवेदन की अंतिम तिथि 1 मार्च 2024 थी। पेपर-1 (कक्षा 9 ,10) की परीक्षा 18 मई से 29 मई 2024 तक हुई थी। पेपर-2 (कक्षा 11,12) की परीक्षा 11 जून से 20 जून 2024 तक हुई ही थी। फाइनल रिजल्ट18 नवम्बर 2024 को घोषित हुआ था। यानी कुल छह महीने का वक्त लगा था। तो सवाल उठता है कि STET-2026 की परीक्षा कब होगी और उसका रिजल्ट कब निकलेगा?
क्या STET- 2026 का रिजल्ट दो महीने में निकलना संभव है?
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने STET-2024 का रिजल्ट छह महीने में निकाला था। तो क्या वह 2026 में तेजी दिखा कर STET का रिजल्ट दो- तीन महीने में जारी कर सकता है? अगर मान लिया जाय कि परीक्षा 15 सितम्बर से शुरू होती है और रिजल्ट दो महीने में निकल जाता है तो 15 नवम्बर के आसपास का समय आ जाएगा। यानी TRE-4 की प्रक्रिया 15 नवम्बर के बाद शुरू हो सकती है। STET-2026 की परीक्षा में पास करने वाले अपीयरिंग कैंडिडेट ही TRE-4 की परीक्षा दे पाएंगे। इसके लिए उन्हें पास सर्टिफिकेट जमा करना पड़ेगा। अगर मान लिया जाय कि 20 नवम्बर 2026 से TRE-4 की परीक्षा शुरू होती है तो पहले पीटी होगा। पीटी का रिजल्ट आम तौर पर 30 से 45 दिनों में निकलता है। अगर जल्दबाजी कर 30 दिन में भी रिजल्ट निकला तो 20 दिसम्बर आ जाएगा।
क्या TRE-4 का फाइनल रिजल्ट होते-होते जनवरी 2027 आ जाएगा?
20 दिसम्बर के बाद अगर एक महीने में मेंस की परीक्षा लेकर रिजल्ट भी जारी कर दिया जाए तो 20 जनवरी 2027 के आसपास का समय आ जाएगा। हालांकि ये सारी तारीखें एक अनुमान हैं जो अब तक की हुई परीक्षाओं और उनकी रिजल्ट समयावधि पर आधारित हैं। चूंकि अभी तारीखें घोषित नहीं हुई हैं इसलिए संभावित समय का अनुमान लगाने के लिए ‘अगर मान लिया जाए’ का गणितीय सूत्र अपनाया गया है। इससे मौटे तौर पर यह अनुमान लगाया जा सकता है कि अगर आगे कोई और व्यवधान नहीं हो तो जनवरी 2027 तक शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो सकती है। यह पूरी प्रक्रिया तीन परीक्षाओं जुड़ी है। अगर एक में भी हेरफेर हुआ तो मामला अटक-लटक सकता है।