वॉशिंगटन: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरकी सांसद इलहान उमर के घर पर सिक्योरिटी एजेंटों की छापेमारी की तीखी आलोचना की है। ट्रंप प्रशासन पर हमला बोलते हुए ममदानी ने कहा कि संघीय सरकार से असमहति जताने की वजह से अमेरिकी कांग्रेस की मौजूदा सदस्य के खिलाफ होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) का पूरी ताकत से इस्तेमाल किया गया। ममदानी ने कहा कि नागरिकता पाने के रास्ते का इस्तेमाल किसी के खिलाफ हथियार के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए। इल्हान उमर को अमेरिकी कांग्रेस में पाकिस्तान की समर्थक के रूप में देखा जाता है।
सोमवार को फेडरल होमलैंड सिक्योरिटी एजेंटों ने अमेरिकी सांसद (प्रतिनिधि सभा की सदस्य) इलहान उमर के वॉशिंगटन स्थित घर पर छापेमारी की थी। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह एक चल रही संघीय आपराधिक जांच का हिस्सा था। इस छापेमारी का न्यूयॉर्क मेयर ममदानी ने तीखा विरोध किया।
ममदानी ने ट्रंप पर बोला हमला
ममदानी ने सोमवार (अमेरिकी समयानुसार) को X पर लिखा, "आज सुबह संघीय सरकार ने वॉइट हाउस से असहमति जताने के अपराध के लिए कांग्रेस की एक मौजूदा सदस्य के खिलाफ डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिकी की पूरी ताकत का इस्तेमाल किया।"
ममदानी ने आगे लिखा, "नागरिकता पाने की प्रक्रिया का इस्तेमाल किसी के भी खिलाफ हथियार के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए, जिसमें प्रतिनिधि इल्हान उमर भी शामिल हैं। वह एक ऐसी अमेरिकी नागरिक हैं, जिन्होंने इस देश के प्रति निष्ठा की शपथ ली थी। वही शपथ जो मैंने भी ली थी। उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकता का वादा इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि कोई व्यक्ति संघीय सरकार से सहमत या नहीं।"
रेड पर इल्हान उमर का बयान
इल्हान उमर ने छापेमारी के बाद कहा कि वह ठीक हैं। उन्होंने इस रेड को राजनीतिक दुश्मनों को निशाना बनाने और संघीय एजेंसियों का हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश बताया। उमर ने X पर लिखा, "दस सालों से ट्रंप ने बेबुनियाद झूठ और बदनाम करने वाले अभियानों के जरिए मुझे निशाना बनाया है। यह उनके राजनीतिक डराने-धमकाने के अभियान में बस एक और नया कदम है। मैं चुप नहीं रहूंगी।"
ट्रंप ने इल्हान को बताया बहुत बुरी
इल्हान मूल रूप से सोमालिया की रहने वाली हैं। देश में गृहयुद्ध के दौरान परिवार के साथ शरण मांगने के बाद वह अमेरिका आई थीं। उन्होंने साल 2000 में अमेरिकी नागरिकता मिली थीं। उमर की नागरिकता मिलने के तरीके पर ट्रंप लगातार हमलावर रहे हैं। हालांकि, सोमवार की रेड को उन्होंने पूरी तरह कानूनी मामला बताया। ट्रंप ने कहा, "मुझे व्यक्तिगत रूप से वह हमेशा पूरी तरह बेईमान लगी हैं, लेकिन इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मुझे लगता है कि वह एक बहुत बुरी इंसान हैं, लेकिन यह फैसला DOJ को करना है।"