‘सौतनों वाली लड़ाई नहीं’, भारत चीन अमेरिका संग संबंधों पर बोला बांग्लादेश, चीनी कंपनी ने शुरू किया CEIZ का निर्माण

ढाका: बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने कहा कि एक देश के साथ रिश्ते बेहतर होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे देश के साथ रिश्ते खराब हो रहे हैं। उन्होंने भारत, चीन और अमेरिका के साथ रिश्तों को लेकर कहा कि ये ‘सौतनों वाली लड़ाई नहीं है।’ खलीलुर रहमान की यह टिप्पणी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर की बांग्लादेश यात्रा के दौरान आई है। बांग्लादेश ने कहा है कि चीन के साथ रिश्ते बेहतर करने से भारत या अमेरिका के साथ रिश्तों को नुकसान नहीं होगा।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की यात्रा का मकसद अमेरिका-बांग्लादेश रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है। गोर की यात्रा बांग्लादेशी PM की बीजिंग यात्रा के बाद हो रही है और इसका मकसद देश को बेहतर ढंग से समझना है। बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने चीन के साथ गहरे होते रिश्तों के बीच भारत और अमेरिका के साथ रिश्तों पर देश का रुख स्पष्ट किया है।

सौतनों जैसी लड़ाई नहीं- खलीलुर रहमान

खलीलुर रहमान ने ढाका में पत्रकारों से कहा ‘किसी भी देश के साथ हमारे रिश्ते दूसरे देश के साथ हमारे रिश्तों के लिए ‘ज़ीरो-सम गेम’ (एक की जीत, दूसरे की हार) नहीं हैं। हम कभी भी एक देश के साथ रिश्ते बनाने के लिए दूसरे देश के साथ अपने रिश्तों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। हर देश के साथ, हम अपने हितों को सुरक्षित रखेंगे और उन्हें आगे बढ़ाएंगे और रिश्ते बनाने में हमारी यही कोशिश रहती है।’

डॉ. रहमान ने आगे कहा कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री की चीन यात्रा अच्छी रही और अगर PM भविष्य में भारत की यात्रा करते हैं तो वह भी ‘बहुत अच्छी यात्रा’ होगी। उन्होंने कहा ‘सर्जियो गोर हमसे मिलने आए हैं और मैंने सेक्रेटरी रुबियो से भी मुलाकात की है। हम इन मुलाकातों के जरिए रिश्तों को आगे बढ़ाना चाहते हैं। बांग्लादेश के संबंध सिर्फ एक देश से नहीं बल्कि कई देशों से हैं। यह पहली पत्नी और दूसरी पत्नी (सौतन) के बीच की लड़ाई नहीं है। ये रिश्ते हितों पर आधारित हैं और हम वहीं जाएंगे जहां हमारे हित होंगे।’

बांग्लादेश में चीन का आर्थिक, औद्योगिक निवेश

बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत का दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब चटगांव में चीनी आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्र (CEIZ) का निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। यह देश में चीन का पहला राष्ट्रीय स्तर का औद्योगिक पार्क निवेश है जो एक दशक से ज्यादा की योजना के बाद साकार हुआ है।

इस प्रोजेक्ट को ‘चाइना रोड एंड ब्रिज कॉर्पोरेशन’ (CRBC) संभाल रही है जो एक सरकारी कंपनी है और अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरिंग कॉन्ट्रैक्टिंग मार्केट में कदम रखने वाली चीन की शुरुआती बड़ी सरकारी कंपनियों में से एक है। CRBC दुनिया भर में बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण, निवेश और संचालन के काम में लगी हुई है और ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ में एक अहम भागीदार और इसे लागू करने वाली संस्था है।

Spread the love