भोपाल। राजधानी के कोलार क्षेत्र स्थित जेके अस्पताल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां निर्माणाधीन लिफ्ट शॉफ्ट में गिरने से भर्ती मरीज की मौत हो गई। मृतक नामदेव रामजी का स्पाइन का इलाज चल रहा था। शनिवार शाम करीब चार बजे वह लिफ्ट के पास पहुंचे और वहां से गिरकर वो हादसे का शिकार हो गए।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद स्वजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। स्वजनों का आरोप है कि शनिवार को डॉक्टर देखने नहीं आए थे और उनकी दर्द की दवाइयां भी बंद कर दी गई थीं, जिसके बाद रामजी की पत्नी चंद्रकला और बेटी दीक्षा शाम करीब चार बजे डॉक्टर से मिलने गई थीं।
इसी दौरान नामदेव किसी तरह चौथी मंजिल पर निर्माणाधीन लिफ्ट क्षेत्र की ओर पहुंच गए, जहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। आरोप है कि वहां केवल संकरी अस्थायी रास्ता था, जिसका उपयोग मजदूर करते थे। इसी दौरान वे लिफ्ट शॉफ्ट में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई
निर्माणाधीन हिस्से में नहीं लगे सीसीटीवी
एसआइ कमल सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन लिफ्ट में जाने का रास्ता खुला था, वहां मजदूर काम कर रहे थे। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। पुलिस मामले में दुर्घटना और खुदकुशी दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रामजी नामदेव शक्तिनगर पार्क के पास छिंदवाड़ा के रहने वाले थे और सैलून चलाते थे। रामजी सर्वाइकल स्पाइन के उपचार के लिए 14 अप्रैल को कोलार स्थित जेके अस्पताल में भर्ती हुए थे। 24 अप्रैल को उनका ऑपरेशन हुआ था। वे चौथी मंजिल पर भर्ती थे और पैरालिसिस की समस्या से भी जूझ रहे थे।