झाड़ू-पोछे के बहाने रेकी, फिर भीड़ में हाथ की सफाई: भोपाल में पकड़ी गई महाराष्ट्र की ‘लेडी गैंग’, सोने का मंगलसूत्र बरामद

भोपाल। अयोध्या नगर इलाके में पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं से जेवर छीनने और घरों में काम के बहाने चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

धक्का देकर छीना मंगलसूत्र

पुलिस के अनुसार,19 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे इको ग्रीन सिटी निवासी 53 वर्षीय राधा अहिरवार मंगल मार्केट में सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान दो महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने लगीं।
पीड़ित महिला के शोर मचाने पर बाजार में गश्त कर रही पुलिस टीम ने जनता की मदद से दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।

भीड़-भाड़ का उठाती थीं फायदा

पकड़ी गई महिलाओं की पहचान जयश्री अनिल सोनोने (30) और अरुणा संदीप (35) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी शेगांव, जिला बुलढाणा (महाराष्ट्र) की निवासी हैं। वे पॉश कॉलोनियों में झाड़ू-पोछा का काम मांगने के बहाने रेकी करती थीं और हाट-बाजारों की भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देती थीं।
Spread the love