भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ में हैं और गलत कारणों से चर्चा में हैं। हाल के एपिसोड में जहां ‘डिस बैटल’ में उन्होंने उदिति सिंह के लिए बेहूदा कमेंट्स किए, वहीं काजी तौकीर को लेकर उनकी इनसिक्योरिटी और जलन की भावना भी खूब झलक रही है। ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में शनिवार को जहां सलमान खान रीति तिवारी की क्लास लगाने वाले हैं, वहीं इस बीच सिंगर के एक और ‘झूठ का पर्दाफाश’ हुआ है! बीते दिनों शो में रीति ने दावा किया था कि उनके पिता मनोज तिवारी उन्हें मुंबई जैसे शहर में गुजारा करने के लिए सिर्फ महीने के ₹25000 देते थे। यह भी कि कभी-कभी वह सिर्फ वड़ा पाव खाकर गुजारा करती थीं। लेकिन अब इन दावों पर रीति तिवारी की मां रानी तिवारी के कथित एक्स-पार्टनर एकम बावा ने पलटवार किया है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट में एकम बावा ने कहा है कि रीति झूठ बोल रही हैं। दावा किया है कि रीति के पास लाखों के लग्जरी हैंडबैग्स, रेंज रोवर कार, एक स्पोर्ट्स कंपनी और मुंबई में कई फ्लैट्स हैं।
मनोज तिवारी ने 1999 में रानी तिवारी से शादी की थी, जिसके बाद बेटी रीति का जन्म हुआ। लेकिन फिर 2011 में मनोज और रानी अलग हो गए। साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद मनोज तिवारी ने सुरभि से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं।
सिंंगर एकम बावा का दावा- 5 साल रानी तिवारी संग रिलेशन में रहा
सिंगर एकम बावा ने दावा किया है कि वह रीति तिवारी की मां रानी के साथ रिलेशन में थे। यह भी कि वह 2020 से 2025 तक उनके साथ एक ही फ्लैट में रहे थे और रीति को उनकी मां के इस रिश्ते के बारे में पता था।
एकम बावा ने रीति तिवारी की करोड़ों की प्रॉपर्टी का किया दावा
अपने इंस्टाग्राम वीडियो में एकम बावा ने दावा किया है कि वह 2020 से 2022 तक रानी तिवारी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थे। जबकि उसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी। सिंगर एकम बावा ने सबूत के तौर वीडियो में मां-बेटी के साथ तस्वीरें भी शेयर कीं। इसके बाद वह रीति तिवारी के बारे में कहते हैं, ‘जिसके पास 4-5 लाख रुपये के हैंडबैग हो… उसके बाद आपके पास बड़ी-बड़ी गड़ियां हैं। रेंज रोवर का तो ₹2.5-₹3 लाख रुपये का खर्चा है खाली। आप 25,000 रुपये कह रहे हो? स्पोर्ट्स कंपनी है आपकी, जिसका इतना बड़ा टर्नओवर है कि क्रिकेटरों का नाम भी जुड़ा है उसके साथ। वो भी तो पैसा आपके पास आता है? बॉम्बे में बड़े-बड़े फ्लैट हैं।’
एकम बावा बोले- रीति की मां रानी तिवारी पाखंडी है
सिंगर ने आगे रीति से कहा है, ‘लोगों को पागल बनाना बंद करिए आप। ‘बिग बॉस’ में जाके आप लोगों को गाली दे रहे हैं…बच्चे, नहीं करते ऐसा। ये शोभा नहीं देती।’ एकम बावा ने इसके बाद रीति की मां और अपनी एक्स पार्टनर रानी तिवारी का भी नाम लिया है। कहा, ‘इसकी मां रानी… इतनी पाखंडी है कि उसको तो प्रणाम ही है। मेरे पास शब्द ही नहीं हैं इन लोगों के लिए। जो मेरे साथ हुआ है ना वो किसी के साथ ना हो। मैं विवादों में नहीं फंसता। मैं इस तरह वीडियो भी नहीं के बराबर बनाता। लेकिन बस मुझे इस तरह झूठ बर्दाश्त नहीं है।’
रीति तिवारी ने काजी तौकीर को दी गाली, भड़के एकम बावा
एकम बावा ने आगे ‘बिग बॉस 20’ में रीति तिवारी के बर्ताव और खासकर काजी तौकीर को गाली देने को लेकर भी आलोचना की है। वह कहते हैं, ‘क्या आप किसी मर्द को गाली देंगी? आप काजी को मां-बहन की गालियां दे रही हैं? गुस्सा तो आएगा ही न? हम भी इंसान हैं, गुस्सा तो आएगा ही।’
एकम बावा की चेतावनी- बर्ताव सुधारो, वरना पर्दाफाश करूंगा
उन्होंने आखिर में रीति से शो में सही व्यवहार करने को कहा है और साथ ही चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया तो वे उनका पर्दाफाश कर देंगे। वह कहते हैं, ‘लोगों को गुमराह करना बंद करें, झूठ छोड़कर सच्चाई से अपनी जिंदगी जीएं।’