नई दिल्ली: भारत की राजधानी के जंतर मंतर पर NEET परीक्षा पेपर लीक को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन हो रहा है। इसमें भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग हो रही है। भारी संख्या में छात्र वहां करीब एक महीने से जमा हैं। 20 जुलाई को सांसद मार्च का ऐलान था। इस दौरान छात्रों पर पुलिस ने डंडे बरसाए थे। सरकार की तरफ से छात्रों को समझाने और उनके बातचीत की कोशिश हो रही है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट दानिश कनेरिया ने प्रोटेस्ट को लेकर पोस्ट किया है।
दानिश कनेरिया ने प्रोटेस्ट को सर्कस बताया
मैच फिक्सिंग के लिए बैन झेल चुके पाकिस्तान क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने छात्रों के प्रोटेस्ट को सर्कस बताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘मैं परेशान हूं क्योंकि भारत में हर विरोध प्रदर्शन का तरीका एक जैसा ही लगता है। 1. भगवान राम को अपशब्द कहना। 2. भारत माता को अपशब्द कहना। 3. पीएम मोदी को अपशब्द कहना। 4. पीएम मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहना। 5. ब्राह्मणों को अपशब्द कहना। 6. हिंदुत्व को अपशब्द कहना।’
दानिश कनेरिया पर हिंदू होने की वजह से पाकिस्तान टीम में भेदभाव होता था। उन्होंने पूर्व पाकिस्तान कप्तान शाहिद अफरीदी पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। कनेरिया ने आरोप लगाया कि पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी उन पर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाते थे और उनके साथ खाना तक नहीं खाते थे।