भोपाल डिजिटल डेस्क – रेलवे सुरक्षा बल (RPF), भोपाल मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) के प्रभावी उपयोग से गैर-जमानती वारंटों (NBW) एवं स्थायी वारंटों के निष्पादन में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है। आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग एवं आपराधिक न्याय प्रशासन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, भोपाल मंडल डा. अभिषेक के निर्देशन में तथा आरपीएफ पोस्ट भोपाल के प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार एवं उप निरीक्षक प्रकाश रघुवंशी के नेतृत्व में ऐसे कई मामलों में सफलता प्राप्त की गई, जिनमें आरोपी द्वारा हुलिया बदलने, निवास स्थान बदलने अथवा नाम परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बावजूद उन्हें चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
ICJS, गृह मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) द्वारा संचालित किया जाता है। यह पुलिस, न्यायालय, जेल, अभियोजन तथा अन्य आपराधिक न्याय संस्थाओं के अभिलेखों को एकीकृत कर वास्तविक समय में आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से आरोपियों के अद्यतन फोटो, आपराधिक इतिहास, वर्तमान पता, जेल स्थिति तथा अन्य महत्वपूर्ण विवरण प्राप्त किए जा सकते हैं।
हाल ही में आरपीएफ पोस्ट भोपाल द्वारा तीन महत्वपूर्ण मामलों में ICJS का सफल उपयोग किया गया। प्रथम मामले में आरोपी के हुलिये में परिवर्तन के बावजूद ICJS से प्राप्त नवीनतम फोटो एवं आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तार किया गया। दूसरे मामले में आरोपी द्वारा निवास स्थान बदल लेने के बावजूद ICJS में उपलब्ध अद्यतन पते की सहायता से उसे तलाश कर वारंट का सफल निष्पादन किया गया। वहीं तीसरे मामले में आरोपी द्वारा नाम परिवर्तन कर नई पहचान अपनाने के बावजूद ICJS के माध्यम से उपलब्ध रिकॉर्ड, फोटो एवं अन्य विवरणों के आधार पर उसकी वास्तविक पहचान स्थापित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।
ICJS के उपयोग से न केवल आरोपियों की तलाश एवं पहचान की प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि विभिन्न पुलिस इकाइयों एवं न्यायिक संस्थाओं के बीच समन्वय भी सुदृढ़ हुआ है। इसके अतिरिक्त आदतन अपराधियों की पहचान, जेल स्थिति का सत्यापन, आपराधिक इतिहास तक त्वरित पहुंच तथा खुफिया सूचनाओं के विकास में भी उल्लेखनीय सहायता प्राप्त हुई है।
भोपाल मंडल का यह अनुभव दर्शाता है कि ICJS आधुनिक कानून प्रवर्तन में एक प्रभावी Force Multiplier के रूप में कार्य कर रहा है। तकनीक-सक्षम पुलिसिंग की यह पहल न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है तथा देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत करती है।
मुख्य भूमिका: डा. अभिषेक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, भोपाल मंडल के मार्गदर्शन में, श्री मनीष कुमार, निरीक्षक एवं प्रभारी, आरपीएफ पोस्ट भोपाल तथा श्री प्रकाश रघुवंशी, उप निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट भोपाल द्वारा इस पहल के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।