ढाका: बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने उम्मीद जताई है कि तारिक रहमान का जल्द भारत दौरा होगा। उन्होंने रविवार रात में कहा कि ‘उन्हें पूरी उम्मीद है कि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का भारत दौरा बहुत जल्द होगा।’ उन्होंने उच्च स्तरीय बैठकों और बातचीत के जरिए किसी भी मुद्दे को सुलझाने के बारे में अपनी उम्मीद दोहराई। उन्होंने कहा ‘मुद्दों को बातचीत से ही सुलझाया जा सकता है और मुझे पूरी उम्मीद है।’ उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के दिल एक-दूसरे के बहुत करीब हैं और वह बांग्लादेश-भारत संबंधों में एक सुनहरा अध्याय देखना चाहते हैं।
बारिधारा में आयरलैंड के मानद वाणिज्य दूत मसूद जमील खान और उनकी पत्नी केट जारो खान की तरफ से आयोजित स्वागत भोज में बोलते हुए दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि बांग्लादेश और भारत न सिर्फ सीमा साझा करते हैं बल्कि वे वास्तव में एक सपना भी साझा करते हैं। भारतीय दूत ने कहा कि बांग्लादेश और भारत दो संप्रभु देश हैं। उन्होंने कहा ‘हमारे सामने अपनी चुनौतियां हैं। इसमें कोई शक नहीं है। और अगर चुनौतियां नहीं हैं तो वह लोकतंत्र नहीं है। लोकतंत्र चाहे कितना भी अस्त-व्यस्त क्यों न हो।’
दिनेश त्रिवेदी को तारिक रहमान के जल्द दौरे की उम्मीद
उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में कहा ‘हमें अपनी जगह चाहिए। हमारे अपने मतभेद हैं। हमारी अपनी बहसें हैं। यह ठीक है। लेकिन जब तक हमारे लक्ष्य एक हैं कि हम चाहते हैं कि न सिर्फ इन दो देशों के लोग बल्कि पूरी दुनिया के लोगों को गरिमा, सम्मान और एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान मिले और हम इसी के लिए प्रयास करते हैं। और मैं ईमानदारी से चाहता हूं मेरा मुख्य उद्देश्य भारत और बांग्लादेश के बीच एक सुनहरा दौर लाना है।’
भारतीय दूत ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान वास्तव में लोगों से जुड़े नेता हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी। उन्होंने कहा ‘दोनों ही लोगों से जुड़े नेता हैं और उद्देश्य एक ही है और यही बात मैंने कई बार मीडिया में कही है, जहां भी मुझसे पूछा गया है कि जब ऐसे दो नेता मिलते हैं और बातचीत करते हैं तो कोई ऐसी समस्या या मुद्दा नहीं होता जिस पर चर्चा न की जा सके और जिसे सुलझाया न जा सके।’