भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
आयुक्त सबसे पहले जोन-4 खुर्सीपार अंतर्गत इंडोर स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने खेल परिसर का मुआयना करते हुए खेल गतिविधियों के उचित और सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। स्टेडियम परिसर में पूर्व से निर्मित 60 दुकानों के खाली पड़े होने या अव्यवस्थित होने पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से इन सभी दुकानों की पुनः नीलामी की प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्टेडियम के समीप स्थित सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई की स्थिति को देखा और आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वार्ड के स्वच्छता कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक शौचालयों में पानी, बिजली और स्वच्छता की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।