The Paradise की Box Office पर बंपर ओपनिंग, पर हिंदी में ‘हनुमान अंश’ के आगे नतमस्‍तक! Vibe-दायरा 7वें दिन सुस्‍त

तेलुगू सुपरस्‍टार नानी की ‘द पैराडाइज’ ने बॉक्‍स ऑफिस पर पहले ही दिन बंपर कमाई की है। यह जहां 42 साल के एक्‍टर के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्‍म बन गई है। इसने उनकी पिछली फिल्‍म ‘हिट: द थर्ड केस’ का रिकॉर्ड तोड़ा है। हालांकि, यह प्रभास की ‘द राजा साब’ और राम चरण की ‘पेद्दी’ को मात नहीं दे पाई। ‘द पैराडाइज’ को हिंदी डब वर्जन में झटका लगा है। नई रिलीज और एक्‍शन-थ्र‍िलर जॉनर होने के बावजूद यह भक्त‍ि ड्रामा ‘हनुमान अंश’ के आगे नतमस्‍तक दिखी। गुरुवार को 49वें दिन ‘हनुमान अंश’ ने जहां ₹3.65 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है, वहीं ‘द पैराडाइज’ हिंदी डब वर्जन से ₹2.25 करोड़ ही कमा सकी। हां, इसने ‘मिर्जापुर द मूवी’ (₹1.50 करोड़) को जरूर पछाड़ दिया है।

गुरुवार को हिंदी बॉक्‍स ऑफिस पर एक बार फिर से ‘हनुमान अंश‘ का ही दबदबा दिखा है। यह फिल्‍म अब देश में ₹288.33 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और वलर्डवाइड ₹377.05 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर चुकी है। अब शुक्रवार, 25 सितंबर को सिद्धार्थ मल्‍होत्रा और तमन्‍ना भाटिया की ‘द वन’ और हॉलीवुड से मार्वल के फैंस के लिए ‘एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर’ भी री-रिलीज हो रही है। ऐसे में अब कंपीटिशन बढ़ने वाला है।

‘द पैराडाइज’ बॉक्‍स ऑफिस कलेक्‍शन

Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, नानी की ‘द पैराडाइज’ उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। इसने पहले दिन दुनिया भर में ₹76.90 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है। जबकि देश में श्रीकांत ओडेला के डायरेक्‍शन में बनी इस फ‍िल्म ने 9732 शोज में ₹34.65 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और ₹54.90 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया है। फिल्‍म ने एक दिन पहले बुधवार को लिमिटेड प्रीव्‍यू शोज से भी ₹11.60 करोड़ की कमाई की थी। इस तरह देश में फिल्‍म का टोटल नेट कलेक्‍शन ₹46.25 करोड़ है। फिल्‍म का बजट ₹200 करोड़ बताया जा रहा है।

‘द पैराडाइज’ ने नानी की ही ‘हिट: द थर्ड केस’ और ‘दसारा’ को पछाड़ा

‘द पैराडाइज’ ने 24 सितंबर को देश के साथ ही विदेशों में भी जबरदस्‍त बिजनस किया है। ओवरसीज मार्केट से ₹22 करोड़ की कमाई हुई है, जिससे ओपनिंग डे पर दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹76.90 करोड़ तक पहुंचा। नानी की पिछली सबसे बड़ी ओपनर बीते साल 2025 में रिलीज ‘हिट: द थर्ड केस’ थी, जिसने पहले दिन देश में ₹21 करोड़ की नेट कमाई और वर्ल्‍डवाइड ₹37.81 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया था। जबकि डायरेक्‍टर श्रीकांत ओडेला और नानी की पिछली फ‍िल्म ‘दसारा’ ने 2023 में पहले दिन भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर ₹23.20 करोड़ का नेट बिजनस और वर्ल्‍डवाइड ₹36.28 करोड़ का ग्रॉस कारोबार किया था।

‘द राजा साब’ और ‘पेद्दी’ से पिछड़ गई ‘द पैराडाइज’

तेलुगू फिल्‍मों की बात करें तो ‘द पैराडाइज’ यहां प्रभास की ‘द राजा साब’ और राम चरण की ‘पेद्दी’ से पिछड़ गई है। ‘द राजा साब’ ने पहले दिन देश में ₹53.75 करोड़ का नेट कलेक्‍शन और वर्ल्‍डवाइड ₹100.20 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन किया था। इसी तरह ‘पेद्दी’ ने देश में ₹51 करोड़ की नेट कमाई और वर्ल्‍डवाइड ₹110.49 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी।

  • द राजा साब – ₹53.75 करोड़ (देश), ₹100.20 करोड़ (वर्ल्‍डवाइड)
  • पेद्दी – ₹51 करोड़ (देश), ₹110.49 करोड़ (वर्ल्‍डवाइड)
  • द पैराडाइज – ₹34.65 करोड़ (देश), ₹76.90 करोड़ (वर्ल्‍डवाइड)
  • ‘वाइब’ मूवी बजट और कलेक्‍शन

    बॉक्‍स ऑफिस पर इसी के साथ कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा, स्‍पर्श श्रीवास्‍तव की ‘वाइब’ और करीना कपूर की खान की ‘दायरा’ ने पहला हफ्ता पूरा कर लिया है। ₹40 करोड़ के बजट में बनी ‘Vibe’ ने अपने पहले हफ्ते में ₹11.35 करोड़ का नेट कलेक्‍शन किया है। चिंता की बात यह है कि 7वें दिन यह करोड़ से गिरकर ₹90 लाख की कमाई पर पहुंच गई है। अब शुक्रवार से ‘द वन’, ‘लव लॉटरी’ और ‘एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर’ की वजह से जहां शोज कम होंगे, वहीं कमाई और अध‍िक घटने की संभावना है।

  • ‘दायरा’ मूवी बजट और कलेक्‍शन

    दूसरी ओर, करीना कपूर और पृथ्‍वीराज सुकुमारन की ‘दायरा’ का हाल और भी बुरा है। मेघना गुलजार के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म का बजट ₹55 करोड़ है। जबकि यह 7 दिन में ₹6.36 करोड़ का नेट कलेक्‍शन ही कर सकी है। गुरुवार को महज ₹41 लाख की नेट कमाई हुई है। ऐसे में अब इस फिल्‍म से कोई भी उम्‍मीद बेमानी होगी।

Spread the love