24 घंटे में 3 गुना बढ़ी टिकट बिक्री और कमाई, ‘मर्दानी 3’ को धोबी पछाड़

शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर ‘ओ’रोमियो’ इस वैलेंटाइन डे पर थ‍िएटर्स में एक्‍शन और थ्र‍िलर का मजा लेकर आ रही है। विशाल भारद्वाज के डायरेक्‍शन में बनी इस फिल्‍म की एडवांस बुकिंग में बीते 24 घंटों में जबरदस्‍त उछाल देखने को मिला है। गुरुवार सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों में कुल 8595 शोज के लिए प्री-बुकिंग हो रही है। 50 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं और अभी रिलीज से पहले 24 घंटों की एडवांस बुकिंग और होनी है। इसने रानी मुखर्जी की हालिया रिलीज ‘मर्दानी 3’ की एडवांस बुकिंग को पछाड़ दिया है। अब सभी की नजरें शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 पर अटकी हैं, जब यह फिल्‍म सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उम्‍मीद यही है कि Kiss Day पर ऑन-साइट बुकिंग भी अच्‍छी खासी होगी। यानी ‘ओ रोमियो’ को पहले दिन एक अच्‍छी शुरुआत मिलने की पूरी उम्‍मीद है।

‘ओ रोमियो’ की एडवांस बुकिंग बीते मंगलवार शाम आध‍िकारिक शुरू से शुरू हुई। यकीनन प्री-सेल्‍स शुरू होने में देरी हुई है, लेकिन फिल्‍म को अच्‍छा रेस्‍पॉन्‍स मिल रहा है। फिल्‍म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों ने पसंद किया है। शुक्रवार को आदर्श गौरव और शनाया कपूर की ‘तू या मैं’ भी रिलीज हो रही है, लेकिन फिलहाल बॉक्‍स ऑफिस पर ‘ओ रोमियो’ का जोर ज्यादा है। खासकर तब, जब सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ अब सुस्‍त हो चली है। जबकि ‘मर्दानी 3’ पस्‍त होती दिख रही है।

‘ओ रोम‍ियो’ एडवांस बुकिंग रिपोर्ट

Sacnilk के मुताबिक, ‘ओ रोमियो’ की एडवांस बुकिंग में बीते 24 घंटों में 3 गुना से अध‍िक की तेजी आई है। बुधवार सुबह तक इस फिल्‍म के पहले दिन के शोज के लिए 16577 टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई थी, जो गुरुवार सुबह 10 बजे तक बढ़कर 50648 हो चुकी हैं। इस प्री-बुकिंग से ग्रॉस कमाई का आंकड़ा भी बढ़कर 1.19 करोड़ रुपये हो चुका है, जो एक दिन पहले 38.01 लाख रुपये थी। ब्‍लॉक सीटों को जोड़ दें तो O Romeo ने एडवांस बुकिंग से 3.27 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। यह रफ्तार बेहतरीन है। लेकिन अभी प्री-बुकिंग से फाइनल कमाई के आंकड़े आने बाकी हैं। उम्‍मीद है कि आख‍िरी 24 घंटों में इसमें और उछाल आने वाला है।

‘ओ रोमियो’ ने एडवांस बुकिंग में ‘मर्दानी 3’ को पछाड़ा

रानी मुखर्जी की हालिया रिलीज ‘मर्दानी 3’ ने रिलीज से पहले 1.16 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की थी। ‘ओ रोमियो’ इससे आगे निकल चुकी है। ‘मर्दानी 3’ ने पहले दिन देश में 4.00 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन किया था। इस लिहाज से शाहिद कपूर की फिल्‍म अब पहले दिन यहां भी बाजी मारेगी। हालांकि, शाहिद की पिछली फिल्‍मों की बात करें तो यह अभी ‘तेरी बातों में उलझा जिया’ से प्री-बुकिंग में पीछे है, जिसने 2.11 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की थी।

वैलेंटाइन्‍स डे वीकेंड, ‘ओ रोम‍ियो’ को मिल सकता है तगड़ा फायदा

शाहिद कपूर ने अपने करियर में लंबे समय तक ‘लवर बॉय’ का टैग अपने नाम किया है। इससे पहले हमने वैलेंटाइन डे पर 2023 में उनकी ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ की सफलता देखी है। लेकिन ‘देवा’ के फ्लॉप होने के बाद अब शाहिद को ‘ओ रोमियो’ से अध‍िक उम्‍मीदें हैं। विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में वह ‘कमीने’ और ‘हैदर’ जैसी बेहतरीन सफलता देख चुके हैं। अब जैसे ही वैलेंटाइन्स डे वीकेंड का काउंटडाउन शुरू होगा, सभी की नजरें बॉक्स ऑफिस पर होंगी, क्‍योंकि यह स्टाइलिश थ्रिलर कमाल दिखा सकती है। फिल्‍म वर्ड ऑफ माउथ पर भी टिकी है। ऐसे में दर्शकों को यदि यह पसंद आती है, तो पहले वीकेंड तक इसकी कमाई में जबरदस्‍त उछाल देखने को मिल सकता है।

‘ओ रोमियो’ की पहले दिन कितनी होगी कमाई, क्‍या कह रहे हैं एक्‍सपर्ट्स

इंडस्ट्री के ट्रेड एक्‍सपर्ट्स के मुताबिक, स्टाइलिश थ्रिलर फिल्‍में अक्‍सर दर्शकों को रिझाती हैं। साथ में विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर का नाम जुड़ा है। गाने पहले ही हिट हो चुके हैं। ऐसे में रिलीज के बाद देर शाम और लेट-नाइट शोज में दर्शकों की संख्‍या बढ़ सकती है। वैलेंटाइन डे का मौका भी है। कुल मिलाकर, ‘ओ रोमियो’ के लिए यह कमाई का बेहतरीन मौका है। हालांकि, एक जरूरी बात यह है कि सिनेमाघरों में इस वक्‍त ‘बॉर्डर 2’ के पास प्राइम टाइम और प्रीमियम शोज अध‍िक हैं। यदि एग्‍जीबिटर्स ‘ओ रोमियो’ के शोज की संख्‍या बढ़ाते हैं तो फिल्‍म ओपनिंग डे पर 8-9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन भी कर सकती है। लेकिन अभी के हालात देखकर अनुमान यही है कि यह फिल्‍म पहले दिन देश में 5-7 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली है।

‘ओ रोम‍ियो’ की कहानी और प्‍लॉट

‘ओ रोमियो’ एस. हुसैन जैदी की किताब ‘माफ‍िया क्वींस ऑफ मुंबई’ की दमदार सच्ची कहानियों से प्रेरित है। यह रोमांटिक एक्‍शन थ्रिलर, 90 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड में हुसैन उस्‍तरा और सपना दीदी की कहानी है। फिल्‍म का प्‍लॉट एक कॉन्ट्रैक्ट किलर, हुसैन उस्तारा (शाहिद कपूर) और अपने पति की हत्या का बदला लेने वाली एक औरत, अफशा (तृप्ति डिमरी) के बीच के रिश्ते को दिखाती है। परिवार की दुश्मनी और माफिया के अंदरूनी पावर स्ट्रगल के बीच यह प्‍लॉट अपने-आप में रोमांच पैदा करता है

‘ओ रोमियो’ का बजट और कास्‍ट

विशाल भारद्वाज के डायरेक्‍शन में बनी ‘ओ रोमियो’ का बजट 60-65 करोड़ रुपये बताया जाता है। इस लिहाज से यदि यह बॉक्‍स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत रखे तो हिट-सुपरहिट होना कोई बड़ी बात नहीं है। फिल्‍म की स्‍टारकास्‍ट भी अपीलिंग है। इसमें शाहिद कपूर और तृप्‍त‍ि डिमरी के अलावा अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्‍ना भाटिया, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी और फरीदा जलाल भी हैं।

Spread the love