‘रामायणम्’ में रावण के नाना बने TV स्टार चेतन हंसराज, निभा रहे 7 दमदार किरदार, ‘महाभारत’ से मिला था स्टारडम

नितेश तिवारी की 4000 करोड़ी ‘रामायणम्’ ट्रेलर रिलीज के वक्त से ही लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म में रणबीर कपूर मर्यादा पुरुषोत्तम राम तो बने ही हैं, उसके अलावा उनके दो और किरदार हैं। यानी वह फिल्म में तीन किरदार निभाते नजर आएंगे। लेकिन एक टीवी एक्टर हैं चेतन हंसराज, जो ‘रामायणम्’ में एक-दो नहीं बल्कि सात रोल प्ले करेंगे। मेकर्स ने उन्हें सात रोल ऑफर किए और एक्टर ने सभी रोल निभाए हैं। चेतन हंसराज ने खुद एक इंटरव्यू में इस बारे में बताया है।

54 वर्षीय चेतन हंसराज ‘रामायणम्’ में लंकापति रावण बने यश के नाना राजा माली का किरदार निभाएंगे। इस किरदार में उनके यश के साथ काफी सारे सीन्स हैं। राजा माली के अलावा उन्हें छह और किरदार निभाने का मौका मिला है, और इस बारे में उन्होंने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को इंटरव्यू में बताया।

रावण के नाना का किरदार निभाने पर बोले चेतन हंसराज

चेतन हंसराज ने कहा, ‘राजा माली इतिहास में दर्ज एक अहम किरदार है और यश के साथ मेरे सीन जबरदस्त हैं। स्क्रीन पर उन्हें देखना बहुत मजsदार है और ये दोनों किरदार एक-दूसरे के साथ बहुत अच्छे लगते हैं। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी।’

चेतन हंसराज के ‘रामायणम्’ में 7 किरदार

चेतन हंसराज ने फिर अपने सात किरदारों के बारे में बताया। वह बोले, ‘मेरा काम पूरा होने के बाद, मुझे छह मोशन-कैप्चर किरदारों का ऑफर किया गया, जिनमें से एक किरदार रावण के भाई और एक राक्षस का भी था।’ हालांकि, चेतन ने बाकी छह किरदारों की पहचान उजागर नहीं की। ये नहीं बताया कि वो किरदार कौन-कौन से हैं, पर वो सात किरदार निभाने को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं।

रामानंद सागर की ‘रामायण’ में तुलना पर यह बोले

चेतन हंसराज ने फिर ‘रामायणम्’ की आलोचना और रामानंद सागर की ‘रामायण’ के साथ फिल्म की हो रही तुलना पर भी अपने विचार रखे। वह बोले, ‘हमारे पास हॉलीवुड और बॉलीवुड के बेहतरीन एक्शन डायरेक्टर और टेक्नीशियन हैं, जैसे टेरी नोटरी। आज के मेकर्स दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देना चाहते हैं और हमें इस सोच को समझना चाहिए। मुझे यकीन है कि जो लोग इसे सही माध्यम पर देखेंगे, वो इन सभी तुलनाओं को भूल जाएंगे।’

चेतन हंसराज कौन हैं?

चेतन हंसराज एक पॉपुलर चाइल्ड आर्टिस्ट रहे और अब लीड स्टार हैं। उन्होंने 1980 में एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। तब चेतन ने 250 से ज्यादा प्रेस विज्ञापन और 30 एड फिल्मों में काम किया था। चेतन हंसराज ने बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में छोटे बलराम के किरदार से टीवी पर डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने ‘कुसुम’, ‘कहानी घर घर की’ और ‘धरती का वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान’ जैसे कई टीवी सीरियलों में काम किया। वह अभी तक दर्जनों टीवी शोज कर चुके हैं, और कई फिल्में भी की हैं। इनमें ‘डॉन’, ‘भ्रम’, ‘एंथनी कौन है’, ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा’, ‘सिटी ऑफ गोल्ड’ और ‘बॉडीगार्ड’ जैसे नाम शामिल हैं।

‘रामायणम्’ कब होगी रिलीज? क्या है कास्ट?

‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी हैं, जो सीता बनी हैं। यश हैं, जो रावण बने हैं और सनी देओल ने हनुमान का किरदार निभाया है। वहीं, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, इंदिरा कृष्णन, कुणाल कपूर, अंजिक्य देव, अरुण गोविल, रवि दुबे और शीबा चड्ढा समेत कई और कलाकार हैं। फिल्म का पहला पार्ट जहां भारत में 8 नवंबर को दीवाली के मौके पर रिलीज होगा, वहीं दुनिया के बाकी हिस्सों में इसे 6 नवंबर को रिलीज किया जाएगा।

Spread the love