नई दिल्ली: रियल मैड्रिड के लिए खेलने वाले ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर पर 4 मैच का बैन लग गया है। इसकी वजह से वह सीजन के पहले एल क्वासिको में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन की अनुशासनात्मक समिति ने बुधवार को विनीसियस जूनियर पर बैन लगाने की घोषणा की। यह फैसला रियल मैड्रिड के रविवार को हुए विलारियल मैच के बाद आई है।
बाल खींचने से बाद रेफरी से भिड़े थे विनीसियस
स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा में विलारियल के खिलाफ मुकाबले में विनीसियस जूनियर को मैच रेफरी ने रेड कार्ड दिखाया था। उन्होंने मैच के 72वें मिनट में विलारियल के खिलाड़ी नाथन सलिबा के बाल खींच दिए थे। जूनियर उस मैच में स्टार्टिंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। 51वें मिनट में सब्स्टिट्यूट के रूप में उन्हें मैदान पर उतारा गया था। बाल खेलने के बाद विनीसियस गोल भी दाग दिया था। वह गोल का जश्न मना रहे थे, तभी वीएआर ने रेफरी इसिड्रो डियाज डी मेरा को बुलाकर गोल से ठीक पहले के पलों की का रिव्यू करने को कहा। रेफरी ने गोल को अमान्य कर दिया और विनीसियस को रेड कार्ड दिखा दिया।
रियल मैड्रिड टेबल में चौथे नंबर पर
25 अक्टूबर को कैम्प नाउ में रियल मैड्रिड की भिड़ंत बार्सिलोना से होनी है। उस मैच में विनीसियस जूनियर हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके साथ ही वह सेविला, रेसिंग सैंटैंडर और वैलेंसिया के खिलाफ मैच में भी नहीं खेलेंगे। रियल मैड्रिड का इस सीजन प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। ला लिगा में 8 मैचों के बाद 18 पॉइंट के साथ टीम चौथे नंबर पर है। वहीं बार्सिलोना ने अपने सभी 8 मैच जीते हैं और 24 पॉइंट्स के साथ टीम टॉप पर है।