बेमेतरा, जिले के थान खम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुवारा में बुधवार सुबह खेत में काम करने गई एक महिला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण खेत में फिसलन होने से महिला का पैर फिसल गया और वह जमीन के पास झूल रहे खुले बिजली सर्विस वायर की चपेट में आ गई।
मृतका की पहचान मनीषा यादव (33), पति सीताराम यादव, निवासी ग्राम गुवारा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे कृषि कार्य के लिए खेत पहुंची थी। इसी दौरान हादसा हो गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलने पर थान खम्हरिया पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खेत के ऊपर से गुजर रहे खुले और नीचे झुके बिजली तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।