‘रामायण’ को लेकर यश की लोगों से अपील:बोले- VFX की छोटी कमियां न खोजें, मूवी के विजुअल्स और सीन्स पर उठे थे सवाल

हैदराबाद में यश ने फैंस से फिल्म ‘रामायण’ को खुले मन से देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि VFX की छोटी कमियां खोजने की कोशिश न करें।

उन्होंने यह बात सोमवार रात हैदराबाद में फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में कही। ‘रामायण: पार्ट वन’ दुनियाभर में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगी।

यश ने कहा- ऐसी कोशिश दोबारा नहीं होगी

यश ने कहा, “जब कोई इस तरह की फिल्म बनाने की कोशिश करता है, तो वह अपनी प्रतिष्ठा और पैसा दांव पर लगाता है। वह फिल्म को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर ले जाना चाहता है।”

उन्होंने कहा, “मैं आपसे एक बात कहना चाहता हूं। कृपया छोटी कमियां न खोजें। VFX में यह कमी है, वह कमी है, ऐसा न करें। अगर हम अभी ऐसे लोगों को खो देंगे, तो यह दोबारा नहीं होगा।”

यश ने कहा कि ऐसी फिल्म बनने में कई साल लगेंगे और हम फिर पीछे चले जाएंगे। उन्होंने लोगों से फिल्म को खुले मन से देखने की अपील की।

उन्होंने कहा, “नमित मल्होत्रा ने हमेशा हर फीडबैक और आलोचना को स्वीकार किया है। उन्होंने इसे बेहतर बनाने की कोशिश की है।”

यश ने अपने शुभचिंतकों, फैंस और पूरी फिल्म इंडस्ट्री से साथ आने की अपील की। उन्होंने तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, तमिल और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से दुनिया को एकजुटता दिखाने को कहा।

नमित मल्होत्रा की सोच से प्रभावित हुए यश

यश ने बताया कि वह ‘रामायण’ से इसलिए जुड़े, क्योंकि को-प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा का विजन उन्हें पसंद आया।

उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ जैसी बड़ी सोच को पूरा करने के लिए नमित मल्होत्रा जैसे व्यक्ति में जुनून, मेहनत, दृढ़ संकल्प और हद से ज्यादा लगन है।

यश ने कहा, “एक भारतीय होने के नाते मैं कह रहा हूं कि हमें इस व्यक्ति को बचाना चाहिए। यह हमारी जिम्मेदारी है।”

उन्होंने बताया कि नमित मल्होत्रा लॉस एंजिल्स में आराम से बिजनेस कर रहे थे। यश के मुताबिक, हर मुलाकात में वह कहते थे कि भारतीयों ने बहुत कुछ किया है, लेकिन भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी कुछ करना चाहिए।

यश ने नमित के हवाले से कहा, “मुझे ऑस्कर मिल रहे हैं, लेकिन मैं खुश नहीं हूं। मैं चाहता हूं कि हमारा देश उस स्तर पर पहुंचे। जिस दिन ऐसा होगा, मैं खुश हो जाऊंगा।”

रणबीर बोले- रामायण हमारे भीतर गहराई से बसी कहानी

इवेंट में रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ को खास फिल्म बताया। उन्होंने कहा, “कुछ कहानियां सिर्फ सुनाई नहीं जातीं, वे हमारे भीतर गहराई से बसी होती हैं। रामायण ऐसी ही एक कहानी है।”

रणबीर ने कहा, “प्रभु श्रीराम का किरदार निभाना मेरे लिए भावनाओं से भरा सफर रहा। इसने मुझे याद दिलाया कि दिल में ताकत, साहस, करुणा, माफी और आभार रखना क्या होता है।”

उन्होंने कहा कि हमेशा सही रास्ता चुनना चाहिए। रणबीर ने उम्मीद जताई कि फिल्म दर्शकों को उन कहानियों तक ले जाएगी, जिन्हें उन्होंने अपने दादा-दादी और माता-पिता से सुनते हुए बचपन में जाना था।

रामायण के युद्ध वाले सीन्स पर सवाल उठे थे

गौरतलब है कि रामायण से भगवान राम का लुक हनुमान जयंती पर सामने आया था। टीजर में युद्ध के सीन और शानदार VFX भी दिखा, जिसकी कई लोगों ने तारीफ की थी। हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने फिल्म के सीन्स को हॉलीवुड फिल्मों की नकल बताया था।

टीजर में दिखाए गए युद्ध के सीन (लंका में) कुछ यूजर्स को हॉलीवुड फिल्मों जैसे लगे थे। कुछ ने इसे गेम ऑफ थ्रोन्स या अन्य हॉलीवुड फिल्मों से प्रेरित बताया था। राक्षसों के डिजाइन और कुछ शॉट्स को लॉर्ड ऑफ द रिंग्स जैसी हॉलीवुड मूवीज से कॉपी बताया गया था।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने लिखा था, "रामायण मूवी का टीजर कल रिलीज किया गया। बजट 4 हजार करोड़ रुपए, जबकि इस छोटे से टीजर में हमें कई शॉट्स ऐसे देखने को मिले जो हॉलीवुड मूवी से कॉपी किए गए हैं। सवाल यह है कि इतनी महंगी फिल्म में कॉपी शॉट्स से क्या लोगों को बेवकूफ बनाया जा रहा है?"

Spread the love