नवापारा-राजिम। शासकीय आदर्श हरिहर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय नवापारा-राजिम के 1995 का गुरु-मित्र मिलन समारोह 14 जून को आयोजित किया गया। कुछ बातें और बहुत सारी यादों के साथ 31 साल पुराने छात्रों ने एक बार मिलकर इस अायोजन को ऐतिहासिक बना दिया। दौर ऐसा रहा कि इंजीनियर, चिकित्सक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक या राजनीति के उच्च शिखर पर आसीन वर्तमान पहचान को भूलकर एक बार फिर स्वयं को 1995 बैच का छात्र मानते हुए एक दूसरे से मिलकर भावुक हो गए। छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों के साथ साथ झारखंड एवं मध्यप्रदेश से दोस्त समारोह में शामिल होने नवापारा नगर में एकत्रित हुवे थे।
कुछ छात्रों ने इस आयोजन के लिये बहुत मेहनत की और देखते ही देखते बहुत कम समय एक शानदार आयोजन की रूपरेखा बन गई। इसमें मंच संचालन, चाय-नाश्ता, दोपहर का खाना और शाम को फिर हाई-टी सभी कुछ छात्रों ने आपस में मिल कर किया था। पूरा आयोजन आपसी सामंजस्य, प्रेम और उल्सासपूर्ण संपन्न हुआ। आयोजन की सभी ने प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरूआत सरस्वती वंदना और राष्ट्रगान के साथ हुई। फिर छात्रों का धमाकेदार स्वागत किया गया। फिर नाश्ता और शुरू हुआ यादों की बरसात का। कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण बात ये रही कि इसमें हरेक छात्र को अपनी-अपनी बात रखने और वर्तमान में अपने क्षेत्र और कामकाज की पूरी जानकारी देने का सुअवसर प्राप्त हुआ।
अपने पुराने स्कूल पहुंचकर की यादें ताजा
फिर सारे मित्र बाइक रैली की शक्ल में 31 साल पुराने अपने उन यादों को साझा करने शासकीय आदर्श हरिहर उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। जहां प्राचार्य फाखरा खानम दानी का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया गया। स्कूल का भ्रमण करने और अपनी पुरानी कक्षाओं के डेस्क-बेंचों पर दोस्तों के साथ बैठकर उन्होंने स्कूल के दिनों की यादों को ताज़ा किया। छात्रों ने वर्तमान प्राचार्य और दोस्तों के साथ स्कूल प्रांगण में खिंचवाई गई ग्रुप फोटो को जीवन की अमूल्य धरोहर बताया।