भोपाल। रातीबड़ थाना क्षेत्र में कर्ज के दबाव में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में लिखा मूलधन लौटाया चुका बावजूद कर्जदार ब्याज की राशि का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है
पुलिस के अनुसार नीलबड़ स्थित बृजधाम कालोनी निवासी 37 वर्षीय रामश्रवण पटेल कोलार रोड स्थित एक बंगले में शेफ का काम करता था। मंगलवार सुबह घर से काम पर जाने निकला था। वहीं शाम को कलियासोत डैम के पास पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका मिला।
सुसाइड नोट में प्रताड़ना का आरोप
मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने निजी साहूकार और एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंटों पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में लिखा कि मकान बनाने के लिए एक साहूकार से 3.70 लाख रुपये उधार लिए थे।
बाद में मूल रकम वापस दे चुका था, लेकिन कर्जदार उससे प्रतिदिन 10 हजार रुपये ब्याज की मांग कर रहा था। साथ ही प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट भी उस पर भुगतान का दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया था।
गहने गिरवी रखकर लौटाई रकम
मृतक के भाई अरुण पटेल ने पुलिस को बताया कि कर्ज चुकाने के लिए परिवार ने गहने तक गिरवी रख दिए थे, लेकिन लेनदारों का दबाव कम नहीं हुआ। स्वजनों ने आरोप लगाया कि तीन दिन पहले उसे चुनाभट्टी थाने बुलाकर घंटों बैठाया। रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि चार दिन पहले भी रामश्रवण ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी का प्रयास किया था।
पुलिस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग, मोबाइल काल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और नोट में नामजद लोगों से पूछताछ कर रही है।