नई दिल्ली: आज के समय में भागदौड़ भरी इस जिंदगी में खान-पान को लेकर काफी सतर्कता जरूरी हो जाती है। आजकल तो युवाओं जिनकी उम्र खासकर के 18 से 30 के बीच है, उनको भी कई सारी स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां होती हुईं दिख रही हैं। इसको देखते हुए डॉक्टर्स लोगों से अच्छे और शुद्ध भोजन खाने की सलाह देते हैं। जीवन की कुछ अहम चीजों में से आपकी अपनी हेल्थ भी है, जिसका हमेशा ख्याल रखना जरूरी होता है।
इसको लेकर कई सारी सावधानियां बरतनी होती है, लेकिन फिर भी अगर कोई बीमारी हो या फिर स्वास्थ्य संबंधित कोई दिक्कत हो तो इसके लिए लोग हेल्थ इंश्योरेंस की ओर रुख करते हैं। इसको देखते हुए वे किसी न किसी बीमा कंपनी से अपनी बीमा जरूर कराते हैं। हेल्थ इंश्योरेंस कराने से कई सारे फायदे होते हैं। हम यहां आपको कुछ ऐसे खास फायदे बताने जा रहे हैं, जो आपके स्वास्थ्य संबंधित बीमारियों के समय मदद कर सकते हैं। ये फायदे हेल्थ इंश्योरेंस के हैं, अगर आप इस बीमा को 30 साल से पहले करा लेते हैं।
30 की उम्र से पहले हेल्थ इंश्योरेंस का स्मार्ट मूव!
वैसे तो हेल्थ इंश्योरेंस को 91 दिन से लेकर 65 वर्ष की उम्र तक लिया जा सकता है, लेकिन सस्ता प्रीमियम के मुनाफे के लिए इसे 30 वर्ष की उम्र तक को अच्छा बताया गया है। इसे एक स्मार्ट मूव भी कहा जाता है। यहां खास बात यह भी है कि बीमा नियामक आईआरडीएआई के नियमों के मुताबिक, नई बीमा खरीदने के लिए कोई अधिकतम उम्र सीमा की बाध्यता नहीं है और इसे तय नियमानुसार कभी भी रिन्यू कराया जा सकता है। अब आइए 30 की उम्र से पहले हेल्थ इंश्योरेंस के बड़े फायदे को जानते हैं।
कम प्रीमियम का फायदा
आप जितनी कम उम्र में हेल्थ इंश्योरेंस लेते हैं, उसके प्रीमियम भुगतान में उतना ही अच्छा फायदा होता है। मतलब कि मान लीजिए अगर आपने 30 की आयु तक या उससे पहले अपना हेल्थ इंश्योरेंस करा लिया तो, इसका प्रीमियम अधिक उम्र वालों की तुलना में कम लगता है। इसकी वजह यह मानी गई है कि कम उम्र में इंसान अधिक उम्र वालों की तुलना में ज्यादा स्वस्थ होता है। इसलिए कम प्रीमियम का भुगतान करना होता है। बाकी उम्र बढ़ती जाती है और आप 30 के बाद हेल्थ इंश्योरेंस कराते हैं तो इसके लिए आपको अधिक प्रीमियम देना पड़ सकता है।
कम पैसे में अच्छा इलाज
30 से कम की उम्र में हेल्थ इंश्योरेंस को लेकर आपका प्रीमियम सस्ता होता है। आप जिस किसी भी कंपनी से अपनी ये बीमा कराते हैं तो उनका कई बड़े-बड़े अस्पतालों से अच्छे नेटवर्क होते हैं। इस दौरान कम प्रीमियम (पैसे) में आप अच्छे और बड़े अस्पतालों में बढ़िया इलाज करा सकते हैं।
टैक्स फायदे
हमारे देश में हेल्थ इंश्योरेंस लेने पर टैक्स फायदे भी मिलते हैं। आयकर की धारा 80डी के तहत आप हेल्थ इंश्योरेंस छूट पा सकते हैं। नियमानुसार, आप अपने, पत्नी, बच्चों और माता-पिता के हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर सालाना एक लाख रुपये (अधिकतम संभावित लाभ) तक टैक्स छूट लेने के लिए दावा कर सकते हैं।
रिवॉर्ड और फ्री हेल्थ चेकअप की सुविधा
आप हेल्थ इंश्योरेंस के जरिए बीमा कंपनियों के रिवॉर्ड और फ्री हेल्थ चेकअप की भी सुविधा ले सकते हैं। इंश्योरेंस लेने वाला व्यक्ति अपने आप को फिट रखता है तो इस मामले में कुछ इंश्योरेंस कंपनियां रिवॉर्ड ऑफर भी करती हैं।
इसके अलावा, आप जितनी कम उम्र में हेल्थ इंश्योरेंस कराते हैं, उसके तहत आपको सालाना फ्री हेल्थ चेकअप की भी सुविधा मिलती है। मतलब कि आपको हर साल हेल्थ की जांच के लिए अलग से पैसे नहीं देने होते हैं। ये सारी चीजें इंश्योरेंस कंपनियों के नियमों के तहत होती हैं।