युजवेंद्र चहल के स्पिन के जाल में यूं फंस गए बेन स्टोक्स, काउंटी में 4 विकेट चटकाकर मचाया गदर, टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें हुई मजबूत

भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल काउंटी चैंपियनशिप में नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए अपनी घातक फिरकी का जलवा बिखेर रहे हैं। डरहम के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर 4 बड़े विकेट चटकाए, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने पहली पारी में 20 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। चहल ने डरहम के बड़े बल्लेबाजों एलेक्स लीस, बेन स्टोक्स, केसी एल्ड्रिज और मैथ्यू पॉट्स को अपना शिकार बनाया।

बेन स्टोक्स को जिस गेंद पर किया बोल्ड, वीडियो हुआ वायरल

डरहम की पारी के दौरान चहल ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को जिस मैजिकल डिलीवरी पर बोल्ड किया, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चहल ने ऑफ स्टंप के बाहर फ्लाइटेड गेंद डाली, जिस पर स्टोक्स फ्रंटफुट पर आकर डिफेंड करने गए। गेंद टप्पा खाने के बाद इतनी तेजी से घूमी कि स्टोक्स के बल्ले और पैड के बीच के गैप को चीरती हुई सीधे स्टंप्स से जा टकराई। स्टोक्स क्रीज पर हैरान खड़े रह गए।

शानदार प्रदर्शन से टीम इंडिया में वापसी की उम्मीदें फिर जगी

इंग्लैंड की परिस्थितियों में चहल का यह बेहतरीन स्पेल और दिग्गज बल्लेबाजों को छकाने का अंदाज साबित करता है कि वे अभी भी रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल दोनों फॉर्मेट में शानदार लय में हैं। भारतीय टीम में स्पिन विभाग में कड़े कॉम्पिटिशन के बावजूद, काउंटी क्रिकेट में चहल का यह निरंतर और प्रभावी प्रदर्शन चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने के लिए काफी है। इस धमाकेदार स्पेल के बाद एक बार फिर युजवेंद्र चहल की भारतीय नेशनल टीम में वापसी की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।

इन खिलाड़ियों से है जंग

टीम इंडिया में फिर से जगह हासिल करने के लिए युजवेंद्र चहल को वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स को पछाड़ना होगा। इसमें कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, मानव सुथार का नाम शामिल है। ये दोनों स्पिनर्स अभी भारतीय टेस्ट, वनडे और टी20 में अपना दबदबा बनाए हुए हैं। ऐसे में चहल के लिए फिर से कमबैक करना कोई आसान काम नहीं होगा।

Spread the love