मैहर: एमपी के मैहर जिले में शासकीय शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर की चिंताजनक हकीकत सामने आई है। गोरसरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के औचक निरीक्षण पर पहुंचीं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जब कक्षा 9वीं और 10वीं के करीब 60 विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, संविधान और विज्ञान से जुड़े बुनियादी सवाल पूछे तो एक भी छात्र संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। शिक्षा के इस गिरते स्तर पर गहरी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य और राजनीति शास्त्र के अतिथि शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कक्षा में टीचर बनीं कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी
औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने केवल प्रशासनिक फाइलों की जांच करने के बजाय सीधे क्लासरूम का रुख किया। वे कक्षा 9वीं और 10वीं के संयुक्त कक्ष में पहुंचीं और एक शिक्षिका की तरह ब्लैकबोर्ड के सामने खड़े होकर बच्चों का शैक्षणिक स्तर परखने लगीं।
कलेक्टर कैसे बनते हैं और उनका क्या काम होता है
कलेक्टर ने छात्रों से खाद और उर्वरक में अंतर, बायोलॉजिकल सेल और भारतीय संविधान से जुड़े बेहद सामान्य प्रश्न पूछे। लेकिन कक्षा में मौजूद करीब 60 छात्र-छात्राओं में से कोई भी विद्यार्थी इन बुनियादी सवालों का जवाब नहीं दे पाया। जब कलेक्टर ने पूछा कि कलेक्टर कैसे बनते हैं और उनका क्या काम होता है? तो एक छात्रा ने केवल इतना कहा था कि कलेक्टर स्कूल का निरीक्षण करती हैं और व्यवस्थाएं संभालती हैं।
कलेक्टर के सामने बच्चों ने कोहली के बारे फटाफट दिए जबाब
संवाद के दौरान जब कलेक्टर ने बच्चों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में पूछा तो एक छात्र ने उत्साहपूर्वक कहा कि वह क्रिकेटर विराट कोहली बनना चाहता है। कलेक्टर द्वारा भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के नाम पूछने पर छात्र ने फटाफट सही जवाब दे दिए।
पूरी लगन से काम करें
इस पर कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों को समझाते हुए कहा,जिस तरह खेलों और रुचियों की जानकारी आप पूरी लगन से रखते हैं, उसी तरह की मेहनत और एकाग्रता आपको अपनी स्कूली पढ़ाई में भी दिखानी होगी।
प्रिंसिपल और अतिथि शिक्षक को नोटिस
छात्रों की लचर तैयारी देखकर कलेक्टर ने तत्काल प्राचार्य को सभी शिक्षकों को तलब करने के निर्देश दिए और शिक्षकों की जमकर क्लास ली। उन्होंने दो-टूक कहा कि परीक्षा में अभी करीब पांच महीने का समय शेष है, शिक्षक अपनी कार्यशैली सुधारें और बच्चों पर दोगुनी मेहनत करें।
बर्खास्तगी की चेतावनी
पदीय दायित्वों में घोर लापरवाही और कमजोर शैक्षणिक स्तर पाए जाने पर कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और राजनीति शास्त्र के अतिथि शिक्षक रामप्रकाश तिवारी को कारण बताओ नोटिस थमा दिया। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में छात्रों के ज्ञान के स्तर में सुधार नहीं हुआ तो सीधे बर्खास्तगी और कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।